दुकान बंद कर घर जा रहे बीज विक्रेता को तमंचा सटाकर बदमाशों ने 23 हजार लूट लिए। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। दो दिन पहले बदमाशों ने दूध विक्रेता को शिकार बनाया था। उन बदमाशों तक पुलिस अभी नहीं पहुंच सकी।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के भनईपुर निवासी कृष्ण कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने स्थानीय बाजार में खाद बीज की दुकान खोल रखी है। बुधवार को वह दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। सर्वोदय इंटर कालेज बेदुपट्टी के करीब बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे तमंचा सटाकर रोक लिया।
बाइक रुकते ही बदमाश उसके पास से 23 हजार रुपये, मोबाइल और बैग छीन लिया। घटना के बाद बदमाश भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई।
अभी सोमवार मंगलवार को ही कटारी के करीब बदमाशों ने दूध विक्रेता से रुपये व मोबाइल लूटा था। तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस बदमाशों को नहीं खोज सकी। एसओ कोहड़ौर ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना की छानबीन हो रही है। बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।