जल निगम कर्मियों ने भरी हुंकार, धरना
इलाहाबाद। जल निगम समन्वय समिति के संयोजकत्व में चार जुलाई से शुरू आंदोलन जारी है। मंगलवार को छठे दिन अधिकारियों/कर्मचारियों ने जल निगम को पूर्व की भांति पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग बनाने और सातवां वेतनमान जल्द लागू करने की मांग करते हुए हुंकार भरी। छठे दिन मांगें पूरी करने के लिए धरना दिया गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान धरना स्थल पर हुई सभा की अध्यक्षता विकास चंद्र श्रीवास्तव एवं संचालन गिरिराज कुमार शर्मा ने किया। सभा को संबोधित करते हुए रंजीत कुमार ने कहा कि नगर विकास मंत्री और विभाग के चेयरमैन के आश्वासन पर तीसरे चरण का आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन फिर शुरू करना पड़ा। शासन ने रोडवेज कर्मियों को सातवां वेतनमान दे दिया लेकिन जलनिगम कर्मियों को सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। निर्णय लिया गया कि लखनऊ में 19 जुलाई को आयोजित महारैली में यहां से बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी शामिल होने जाएंगे।
इस मौके पर विपिन यादव, आरकेएस चौहान, राजीव कुमार, हिना, पूजा, राजनारायण, पीके अग्रहरि, देवानंद, विवेक शर्मा, बाल मुकुंद, अरुण मालवीय, तुलसीराम समेत बड़ी संख्या में जल निगम कर्मचारी मौजूद रहे।