शिक्षकों के स्थानांतरण आवेदनों के सत्यापन की बढ़ी तिथि
0 प्रदेशभर के परिषदीय विद्यालयों के 78 हजार शिक्षकों ने किया जिले के भीतर तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन
0 तकनीकी गड़बड़ी के कारण सत्यापन में अड़चन, सचिव ने सभी बीएसए को चार सितंबर तक का दिया समय
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के ऑनलाइन आवेदन के सत्यापन की तिथि में इजाफा हो गया है। अब प्रदेश के सभी जिलों में बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को ऑनलाइन सत्यापन का काम चार सितंबर तक हर हाल में पूरा करना होगा। तिथि में बढ़ोतरी का निर्णय ऑनलाइन सत्यापन के काम में आ रही तकनीकी समस्या के कारण लिया गया है। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने इस संबंध में बृहस्पतिवार को प्रदेश के सभी बीएसए को निर्देश जारी कर दिया।
इस बार परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के तबादले के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है। इसके पहले चरण में जिले के भीतर स्थानांतरण के लिए आवेदन मांगे गए थे। 28 अगस्त को अंतिम तिथि तक प्रदेश भर से कुल 78 हजार शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किए। इन आवेदनों का सभी बीएसए को ऑनलाइन सत्यापन करना है। सचिव ने इसके लिए पूर्व में 31 अगस्त तक की समय सीमा तय की थी लेकिन तकनीकी समस्या के कारण सत्यापन के काम में दिक्कत आ रही थी। कुछ जिलों के बीएसए ने सचिव को इस संबंध में अवगत भी कराया। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन सत्यापन का काम चार सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया।