काव्य गायन के माहिर शिक्षकों का होगा सम्मान
0 पहली से आठवीं तक की किताबों की कविताओं को लयबद्ध तरीके से प्रस्तुत करने वाले शिक्षक भेजें वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। बेसिक शिक्षा विभाग अपने परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की काव्य गायन की प्रतिभा को मंच प्रदान करेगा। मंचों पर काव्य गायन श्रेष्ठ तरीके से प्रस्तुत करने वाले शिक्षकों के बारे में जानकारी खंड शिक्षाधिकारियों के माध्यम से मांगी गई है। बीएसए ने भी इस संबंध में जिले के सभी खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र भेज दिया है। इस कवायद से शिक्षकों को प्रदेश स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
बीएसए की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रतिभा सम्पन्न शिक्षकों की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया जाना है। जो शिक्षक पहली से आठवीं तक की कक्षाओं की पाठ्य पुस्तकों के अंतर्गत कविताओं को लयबद्ध तरीके से काव्य गायन की योग्यता रखते हैं, उनके वीडियो को प्रतियोगिता में शामिल करने के लिए भेजा जाए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों से प्रतिभा सम्पन्न शिक्षकों के तीन मिनट या उससे कम अवधि का काव्य गायन वीडियो भेजने को कहा है। वीडियो में उनका नाम, पदनाम, विद्यालय का नाम, विकास खंड का नाम, जनपद का नाम तथा मोबाइल व व्हा्टसएप नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। शिक्षकों के वीडियो को राज्य स्तर पर परखने के बाद उनका मूल्यांकन किया जाएगा। श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन करके उन्हें सम्मानित किया जाएगा। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने स्तर से विकास खंड के सभी विद्यालयों के अध्यापकों को सूचित करते हुए उनके ‘काव्य गायन’ का वीडियो 10 मई तक ई-मेल basiceduip123@gmail.com पर भेजें।