एक फरवरी को होगा हाईकोर्ट बार का चुनाव
0 सदस्यता शुल्क जमा करने की तिथि 12 दिसंबर तक बढ़ी
प्रयागराज। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का वार्षिक आम चुनाव एक फरवरी को होगा। बार की आम सभा की बैठक में बुधवार को सर्वसम्मति से इस पर निर्णय लिया गया। चुनाव पूर्व की वार्षिक बैठक में सदस्यता शुल्क जमा करने की तिथि बढ़ाकर पांच से 12 दिसंबर तक करने पर भी निर्णय हुआ।
इससे पूर्व महासचिव एसी तिवारी ने वार्षिक बजट प्रस्तुत कर वर्ष भर के आय और व्यय का हिसाब दिया। आम सभा ने ध्वनिमत से बजट पास कर दिया है। चुनाव में मतदान के लिए वही अधिवक्ता अर्ह होंगे जो बार में अपना प्रैक्टिस प्रूफ जमा करेंगे और जिनको बार कौंसिल द्वारा जारी परिचयपत्र पर हाईकोर्ट में वोटिंग का अधिकार अंकित होगा। इसके अतिरिक्त किसी को वोट देने का अधिकार नहीं होगा।
चुनाव प्रक्रिया के संचालन हेतु एल्डर कमेटी भी गठित कर दी गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता वीसी मिश्र, एनसी राजवंशी, टीपी सिंह, रविकांत और आनंद बिहारी लाल गौड़ को एल्डर कमेटी में शामिल किया गया है। कमेटी के चेयरमैन वीसी मिश्र होंगे। आम सभा में अध्यक्ष इंद्र कुमार चतुर्वेदी सहित बार कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी और सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।