भगवतपुर अब प्रयागराज जिले का नया ब्लाक होगा। कौड़िहार के 54 गांवों को मिलाकर बनाए जाने वाले इस ब्लाक का मुख्यालय भगवतपुर में ही बनेगा। कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की पहल पर इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से से ग्राम्य विकास विभाग को इस बाबत पत्र जारी कर ब्लाक तथा मुख्यालय बनाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है। सीडीओ सैमुअल पॉल एन. का कहना है कि ब्लाक का प्रस्ताव भेजा गया है लेकिन अभी तक शासन से उन्हें कोई पत्र नहीं मिला है।
भगवतपुर को ब्लाक बनाए जाने की मांग मांग लंबे समय से की जा रही है। इसी क्रम में सिद्धार्थनाथ सिंह की पहल पर जिला प्रशासन की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इसका रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से 25 नवंबर तक ब्लाक बनाने में संभावित खर्च, मुख्यालय निर्माण की तिथि आदि का विवरण मांगा गया है।
प्रधान दिग्गी सिंह, दिलीप कुमार, सावित्री सिंह, प्रकाश चंद्र शुक्ला, अंबर हाशमी, संतोष राय आदि ने फैसले का स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर खुशी जाहिर की गई। नेताओं का कहना था कि इससे लोगों की परेशानी दूर होगी। खुशी जाहिर करने वालों में दिनेश तिवारी, पवन श्रीवास्तव, कमलेश कुमार, राजूराम आदि शामिल रहे।