कटरा में पॉलीथिन अभियान के दौरान हंगामा
नगर निगम ने जब्त की 10 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन
व्यापारियों के हंगामे के चलते स्थगित करना पड़ा अभियान
इलाहाबाद। नगर निगम की टीम ने शनिवार को प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ कटरा क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान लक्ष्मी टाकीज चौराहे के पास नगर निगम की टीम को स्थानीय व्यापारियों ने घेर लिया। यहां निगम अफसरों के साथ व्यापारियों की खासी झड़प हुई। अभियान के दौरान पुलिस न होने और व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए नगर निगम ने अभियान बीच में ही स्थगित कर दिया।
पिछले कई दिनों से तमाम इलाकों में प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ नगर निगम अभियान चला रहा है। इसी क्रम में जोनल अधिकारी चार रविंद्र कुमार के नेतृत्व में लक्ष्मी टाकीज चौराहे के पास अभियान चलाया गया। इस दौरान संबंधित क्षेत्र में 10 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं चार बंडल प्लास्टिक के प्रतिबंधित गिलास जब्त किए गए। इस दौरान गोलू, एहसान, विशाल सिंह, कलीम, राजू नाम के व्यापारियों से 6400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम को स्थानीय व्यापारियों ने घेर लिया। व्यापारियों की अफसरों से बहस भी हुई। विरोध बढ़ता देख निगम प्रशासन ने बीच में ही अभियान स्थगित कर दिया। जोनल अफसर रविंद्र कुमार ने कहा कि आज पुलिस की अनुपलब्धता की वजह से अभियान जारी नहीं रखा जा सका। अब पुलिस की मौजूदगी में ही अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रभारी नजूल लालमणि यादव, शहर मिशन प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रंजन कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।