बस स्टेशन पर भी मिलेंगे सोने के लिए बेड
- अर्द्ध कुंभ मेले के मद्देनजर रोडवेज की तैयारी
- नवाब यूसुफ रोड की तरफ यात्री शेड का होगा विस्तार
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
वर्ष 2019 में लगने वाले अर्द्ध कुंभ मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज प्रशासन इस बार डारमेट्री (बेड की व्यवस्था) की व्यवस्था करने जा रहा है। इसके लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। कुंभ के पूर्व सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन पर यात्रियों को डारमेट्री की सेवा मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा सिविल लाइंस बस स्टेशन पर यात्री सुविधा के मद्देनजर कई अन्य कार्य भी होंगे।
वर्ष 2013 में लगे कुंभ मेले के दौरान रोडवेज के सिविल लाइंस बस स्टेशन के नवाब यूसुफ रोड साइड का विस्तार किया गया था। तब यहां बसों के लिए प्लेटफार्म आदि बनाने के साथ शेड भी बनाया गया था। अब 2019 में लगने वाले अर्द्ध कुंभ मेले के पूर्व रोडवेज यात्री सुविधा के मद्देनजर जो प्रस्ताव बनाया है, उसमें मुख्य रूप से सिविल लाइंस बस स्टेशन पर डारमेट्री का निर्माण है। इसका निर्माण नवाब युसूफ रोड साइड पर किया जाना है। यहां 50 बेड की डारमेट्री प्रस्तावित है। एक डारमेट्री जीरोरोड बस स्टेशन पर भी बनाने की योजना है। सिविल लाइंस बस स्टेशन पर जिस स्थान से लीडर रोड डिपो की बसें संचालित होती हैं, वहां शेड युक्त प्लेटफार्म बनाने की भी तैयारी है। इसके अलावा एक बड़ी कैंटीन का निर्माण भी रोडवेज के प्रस्ताव में शामिल है। एमजी मार्ग की तरफ भी यात्री शेड का विस्तार करने की योजना रोडवेज ने बनाई है। इस बारे में रोडवेज इलाहाबाद परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ.हरिशचंद्र यादव का कहना है कि झूंसी में भी रोडवेज इस बार स्थायी कार्य करवाएगा। उन्होंने बताया कि हर वर्ष माघ मेला और छह वर्ष के अंतराल पर लगने वाले कुंभ मेले के दौरान झूंसी में अस्थायी बस स्टेशन बनाया जाता है। क्योंकि वहां रोडवेज के पास अपनी खुद की जमीन है, इसलिए वहां स्थायी कार्य करवाने की भी तैयारी है।