समायोजन के साथ पदोन्नति भी जुलाई में हो
- उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में की गई मांग, ब्लाक के शिक्षकों का वहीं हो समायोजन
- आकस्मिक अवकाश व्यवस्था पेपर लेस करने का विरोध, आज कमिश्नर से करेंगे मुलाकात
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की रविवार को हुई बैठक में समायोजन, पदोन्नति और शिक्षक निर्वाचन के मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि नियमानुसार जुलाई की छात्र संख्या के अनुसार समायोजन किया जाए। ब्लाक के शिक्षकों को ब्लाक में ही समायोजित किया जाए। पदोन्नति भी जुलाई में की जाए। उन्होंने आकस्मिक अवकाश के लिए पेपर लेस व्यवस्था का विरोध किया। कहा कि इस मामले में 17 जुलाई को कमिश्नर से वार्ता की जाएगी।
उन्होंने सभी ब्लाक के एरियर, बोनस, अन्य बकाया बिल लेखाधिकारी के यहां तत्काल भेजने को कहा, ताकि भुगतान कराया जा सके। जिला मंत्री चिंतामणि त्रिपाठी ने ब्लाकों की संभावित चुनाव तिथि घोषित करते हुए कहा कि निर्धारित तिथि पर सभी पदाधिकारी 31 अगस्त तक चुनाव करा लें। साउथ मालाका स्थित शिक्षक भवन में हुई बैठक में गोपी कृष्ण तिवारी, अर्चना मिश्रा, शिव बहादुर यादव, मकसूद अहमद, राजेंद्र कनौजिया, डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह, अरुण श्रीवास्तव, सरोज सिंह, अमर सिंह, सुधाकर द्विवेदी आदि शामिल थे। ब्यूरो