शंकरघाट विद्युत शवदाह गृह में कोरोना संक्रमित इंजीनियर का अंतिम संस्कार किए जाने का विरोध करने वालों पर पुलिस ने लॉकडाउन उल्लंघन की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में 18 लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात के खिलाफ केस लिखा गया है। शंकरघाट तेलियरगंज में बुधवार सुबह से ही गहमागहमी थी। स्थानीय पार्षद रंजन कुमार की अगुवाई में जुटे लोगों ने कोरोना संक्रमित इंजीनियर के अंतिम संस्कार किए जाने पर संक्रमण फैलने की आशंका जताई थी।
लोगों का कहना था कि शवदाह गृह की चिमनी नीची है, इसलिए धुआं बस्ती में फैलेगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई घंटे अफरातफरी मची रही। सूचना पर वहां पहुंची शिवकुटी पुलिस ने लोगों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने। उच्चाधिकारियों से वार्ता के बाद रसूलाबाद में क्रियाकर्म कराने पर भी सहमति नहीं बनी। देर शाम शिवकुटी पुलिस ने 33 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 18 को नामजद किया है।