रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के नॉन टेक्निकल पदों में भर्ती के लिए शुरू हुई ऑनलाइन परीक्षा के दूसरे दिन 18468 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इलाहाबाद, कानपुर, आगरा, झांसी समेत 19 शहरों के विभिन्न केंद्रों में हुई परीक्षा में मंगलवार को कुल 66.66 फीसदी परीक्षार्थी उपस्थित हुए। आरआरबी इलाहाबाद ने सभी केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा निबटने का दावा किया है।
आरआरबी की ओर से पहली बार बड़े पैमाने पर नॉन टेक्निकल पद स्टेशन मास्टर, गुड्स गार्ड आदि पदों की ऑन लाइन परीक्षा ली जा रही है। परीक्षा की शुरुआत सोमवार 28 मार्च से हुई है। मंगलवार को परीक्षा आगरा, अलीगढ़, इलाहाबाद, अमरोहा, बांदा, बिजनौर, बुलंदशहर, चित्रकूट, देहरादून, फैजाबाद, ग्वालियर, झांसी, कानपुर, कौशाम्बी, मथुरा, मुरादाबाद, नजीबाबाद, रायबरेली, रुड़की स्थित केंद्रों में हुई।
इन सभी केंद्रों में 55400 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था थी, लेकिन परीक्षा में शामिल हुए 36932 परीक्षार्थी। कुछ केंद्रों में सर्वर स्लो होने की वजह से परीक्षा के विलंब से शुरू होने की बात भी सामने आई है। इस बार में आरआरबी इलाहाबाद के सचिव एसके बंसल के मुताबिक परीक्षा सभी केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षा अलग-अलग तिथियों में 30 अप्रैल तक होनी है।