फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्य सचिव की नजर में सबकुछ ओके

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्य सचिव की नजर में सबकुछ ओके
विज्ञापन

0 आला अफसरों के साथ की विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
0 नहीं मिली खामी, अफसरों को जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेने की नसीहत
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सूबे के आला अफसरों के साथ शनिवार को इलाहाबाद पहुंचे मुख्य सचिव राजीव कुमार ने मंडल के अधिकारियों के हर काम को ओके किया और पीठ थपथपाई। अफसरों ने सुरक्षा के साथ अर्द्धकुंभ तथा विकास कार्यों की समीक्षा की, लेकिन कहीं बड़ी खामी नहीं मिली। हां, उन्होंने कुछ आवश्यक निर्देश जरूर दिए। इसमें जनता को सबकुछ समझाने और उनकी शिकायतों के निस्तारण में तत्परता दिखाने का निर्देश भी शामिल रहा।
मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव के साथ अपर मुख्य सचिव नियोजन संजीव सरन, अपर मुख्य सचिव लोक निर्माण सदाकान्त, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य प्रशान्त त्रिवेदी, प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार, पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह आदि अफसर मौजूद रहे। अर्द्धकुंभ के कार्यों की प्रगति, राजस्व वादों एवं जनशिकायताें का निस्तारण, स्वच्छ भारत मिशन, प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति में सुधार, नगर विकास, पर्यटन आदि इसके मुख्य बिंदु रहे। इन सभी बिंदुओं पर स्थानीय अफसर पास हुए। मंडल के 589 गांव खुले में शौच मुक्त हो चुके हैं, बिना पूर्व सूचना के कोई भी प्राथमिक शिक्षक स्कूल से गायब नहीं होता, शिकायतों के त्वरित निस्तारण से 10 हजार से अधिक लोगों को राहत पहुंची है जैसे रिपोर्टों को शासन के अफसरों ने ओेके किया।
विज्ञापन

मुख्य सचिव ने प्रेसवार्ता में बताया कि पिछले महीने की तुलना में कार्यों में प्रगति हुई है। कुछ जगहों पर खामी मिली है। संबंधित विभाग के अफसराें को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अर्द्धकुंभ के अंतर्गत शहर में कई काम होने हैं। सभी काम समय से पूरे करने के लिए अफसरों को निर्देश दिए गए। बैठक में धान खरीद की रूप रेखा तैयार की गई। रविवार से शुरू हो रहे सघन टीकाकरण इंद्रधनुष योजना की भी समीक्षा की गई।

सड़काें के चौड़ीकरण का काम 24 से होगा शुरू
इलाहाबाद। फाफामऊ, झूंसी आदि स्थानों पर लगने वाले जाम से शहरियों को जल्द राहत मिलेगी। इसी के साथ सड़क मार्ग से लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, मिर्जापुर आदि का सफर भी आसान होगा। शहर को जोड़ने वाले तथा अन्य मार्गों के चौड़ीकरण तथा मरम्मत का काम 24 अक्तूबर से पहले शुरू हो जाएगा। अर्द्धकुंभ तथा विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मुख्य राजीव कुमार ने यह निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बताया कि अर्द्धकुंभ के अंतर्गत 25 हजार करोड़ रुपये से चरणबद्ध तरीके से काम होंगे। 500 करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं। 1500 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। कई काम शुरू हो चुके हैं। जो बचे हैं वे काम भी एक महीने में शुरू हो जाएंगे। उन्होंने बताया सड़कों के निर्माण पर 20 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। नवंबर तक सड़कें गड्ढा मुक्त हो जाएंगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के पास पर्याप्त बजट है। शहर को जोड़ने वाली आसपास की सड़कों के चौड़ीकरण और मरम्मत का काम अक्तूबर 2018 से पहले हो जाएगा। इसके लिए स्वीकृत हर प्रस्ताव पर 24 अक्तूबर से पहले काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि अर्द्धकुंभ से पहले कई रेलवे ओवरब्रिज और अंडर ब्रिज बनने हैं। इन पर काम शुरू हो चुका है। इस बारे में रेलवे के अफसरों के साथ भी बैठक की गई। कुछ बाधाएं हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर करके निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात हुई।

सिंचाई, बिजली विभाग की खींचतान में सूख गई फसल
इलाहाबाद। सिंचाई और बिजली विभाग के अफसरों के बीच की खींचतान ने लाखों किसानों को निराशा में डूबो दिया है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह बात सामने आई है। बैठक में सूखा तथा सिंचाई का मुद्दा प्रमुखता से उठा। टेल तक पहुंचना तो दूर नहरों में ही पानी नहीं छोड़ा गया। जोखा पंप नहर तो 10 वर्ष से बंद है। इसके लिए सिंचाई और बिजली विभाग के अफसरों ने एक-दूसरे को दोषी ठहराने की कोशिश की। इससे नाराज मुख्य सचिव ने दोनों विभाग के शीर्ष अफसरों को आमने-सामने बैठा दिया और फटकार लगाई। मुख्य सचिव ने दोनों विभाग के अफसरों को तालमेल के साथ काम करते हुए जल्द से जल्द समस्या के निदान का निर्देश दिया। मुख्य सचिव के निर्देशों का कितना पालन होगा यह तो भविष्य बताएगा लेकिन अफसरों की इस हीलाहवाली की वजह से जिले की हजारों एकड़ खेती सूखे की चपेट में है और भारी नुकसान तय माना जा रहा है। मुख्य सचिव ने ट्रांसफार्मर न बदलने की शिकायतों पर भी बिजली विभाग के अफसरों को सुधरने के निर्देश दिए।

चौराहों, दीवारों पर दिखेगा प्रयाग का गौरव
इलाहाबाद। प्रमुख चौराहों, पुलों तथा दीवारों पर चित्रों और स्लोगन के माध्यम से प्रयाग की गौरवगाथा लिखी जाएगी। पेंट माई सिटी नामक इस योजना का उद्घाटन शनिवार को मुख्य सचिव राजीव कुमार ने परेड ग्राउंड स्थित जल निगम के गेस्ट हाउस से किया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभाग के विद्यार्थी तथा शहर के अन्य कलाकार इस अभियान के हिस्सा होंगे।
विज्ञापन


अबकी मुख्य सचिव ने दिया आश्वासन का लालीपॉप
चंद्रशेखर आजाद और भारद्वाज आश्रम पार्क में मुफ्त सैर की आस जल्द पूरी होगी। अबकी बार इस तरह का आश्वासन दिया है मुख्य सचिव राजीव कुमार ने। दो महीने पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चंद्रशेखर आजाद पार्क में टिकट न लिए जाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में पिछले महीने की छह तारीख को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों पार्कों में मुफ्त प्रवेश की घोषणा की थी। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद नगर विकास मंत्री से इसके लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही थी। इसी परिप्रेक्ष्य में एक सवाल के जवाब में मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की घोषणा उनके संज्ञान में है। वह लखनऊ पहुंचते ही इससे संबंधित फाइल देखेंगे। इसमें न्यायालय का निर्देश शामिल है। सभी पहलुआें को ध्यान में रखकर जल्द फैसला लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें