परिषदीय विद्यालयों में समय बदलने का विरोध
उमस भरी गर्मी में विद्यार्थी और शिक्षक हो रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
अक्तूबर में उमस भरी गर्मी के बीच परिषदीय विद्यालयों का समय बदले जाने का विरोध शुरू हो गया है। पहली अक्तूबर से विद्यालय का समय सुबह नौ से तीन बजे तक हो गया है, जबकि इसके पहले सुबह आठ से दिन में एक बजे तक खुल रहा था। विद्यालय का समय पूर्व की भांति करने के लिए प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने उच्चाधिकारियों को पत्र भी लिखा है।
उनका कहना है कि उमस भरी गर्मी में विद्यालय को तीन बजे तक करना गलत है। ग्रामीण इलाकों में समस्या ज्यादा है, जहां के ज्यादातर विद्यालयों में छात्र-छात्राएं खुले में पढ़ाई करते हैं और तेज धूप में तीन बजे तक खुले में बैठे रहना संभव नहीं है। उन्होंने बेसिक शिक्षा सचिव एवं बीएसए से अगले कुछ दिनों तक विद्यालय का समय सुबह आठ से दिन में एक बजे तक करने की मांग की है। बीएसए संजय कुशवाहा का कहना है कि संघ की ओर से आया प्रस्ताव डीएम को भेज दिया गया है।
00
विद्यार्थियों को मिली ड्रेस, खिले चेहरे
इलाहाबाद। मेवालाल अयोध्या प्रसाद इंटर कॉलेज में शनिवार को कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को ड्रेस का वितरण। ड्रेस पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए। इस मौके पर प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह ने बताय कि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों के पास ड्रेस का आभाव रहता है। सरकार की यह योजना उनके लिए सहायक हुई है। प्रवक्ता डॉ.शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के अध्ययन को लेकर कृत संकल्प है। कार्यक्रम में रामचंद्र पाठक, शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ.कृष्ण शंकर श्रीवास्तव, डॉ.राम प्रताप, सुचेत शर्मा, डॉ.रविंद्र प्रताप, साधना यादव आदि शामिल थीं।
00
केपी कॉलेज में वरिष्ठ पुरा छात्र सम्मानित
इलाहाबाद। एल्युमनाई ऑफ केपी कॉलेज सीनियर सिटीजन की ओर से शनिवार को केपी कॉलेज सभागार में समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर कॉलेज के वरिष्ठ पुरा छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने कॉलेज के वयोवृद्ध सदस्य चौधरी अमरनाथ सिंह, सतीश कुमार एवं अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्या सरला गुप्ता, किरन श्रीवास्तव, मिताली दत्ता को अंगवस्त्रम एवं मोमेंटों देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संस्था की वार्षिक पत्रिका स्नेह संदेश का विमोचन हुआ। एनसीजेडसीसी के संयोजन से सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इसमें अंकिता ने गायन एवं पूर्णिमा एंड पार्टी ने लोकनृत्य प्रस्तुत किया। मोमेंटों का वितरण इफको की ओर से किया गया। संचालन निर्मला जमदाग्नि ने किया।