सभी केंद्र : कानपुर और वाराणसी के लिए विशेष
000000000000000000000000000000000
स्पेशल कोर्ट पहुंची साक्षी महराज की फाइल
प्रयागराज। भाजपा के सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी महराज के दो मुकदमों की फाइलें एटा जिला न्यायालय से स्थानांतरित होकर सुनवाई स्पेशल कोर्ट (एमपीएमएलए) आई हैं। इसमें 17 दिसंबर 2018 को सुनवाई होगी। मामला एटा के कोतवाली थाने का है। वादी अशोक कुमार ने साक्षी महराज और अन्य लोगों के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया था। 28 फरवरी 2017 को कोर्ट ने आरोप तय किया था। प्रकरण गवाही में लंबित है। आरोप है कि साक्षी महराज के कान्वेंट स्कूल में वादी और उसकी पत्नी को बतौर शिक्षक रखा गया था। दो साल तक वेतन नहीं दिया गया। मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। दूसरा मामला सांसद निधि के धन को हड़प करने के लिए फर्जी कागजात बनाने का है। धोखाधड़ी की धाराओं में दर्ज मुकदमे की पत्रावली सुनवाई के लिए कोर्ट में आई है। इस मामले में हाईकोर्ट से कार्यवाही पर स्थगन आदेश है।
पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र स्पेशल कोर्ट में हुए हाजिर
प्रयागराज। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र बृहस्पतिवार को स्पेशल कोर्ट में उपस्थित हुए । पीठासीन अधिकारी पवन तिवारी के ट्रेनिंग में होने के कारण मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अगली सुनवाई 19 दिसंबर को होगी।
मामला भदोही थाने का है। एसओ कपिलदेव यादव ने पांच मार्च 2017 को बसपा प्रत्याशी रंगनाथ मिश्र के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि निर्वाचन अधिकारी की ओर से 10 वाहन के जुलूस निकालने की अनुमति दी गई थी। लेकिन वाहन जुलूस में 15 सौ बाइक और कई चार पहिया वाहन शामिल थे।