शहीद के पिता को छत्तीसगढ़ के लोकायुक्त ने किया सम्मानित
राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन में कवियों ने रचनाओं से दी शहीदों को श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। शहादत दिवस पर भारद्वाजपुरम में शुक्रवार की शाम राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन में कवियों ने राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत कविताएं पढ़ीं। बतौर मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के लोकायुक्त न्यायमूर्ति शंभूनाथ श्रीवास्तव ने इलाहाबाद के शहीद शिशिर तिवारी के पिता शरद तिवारी को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र से सम्मानित किया। यह कार्यक्रम श्री सुमंगलम संस्था की ओर से सातवां शहीद परिजन सम्मान समारोह के तहत तुलसी मंच श्रीरामलीला पार्क में हुआ।
महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि जो लोग निस्वार्थ और राष्ट्र रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करते हैं, ऐसे लोग युगों-युगों तक याद किए जाएंगे उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कवि सम्मेलन में मथुरा के मनवीर मधुर ने पढ़ा कि ‘समर्पित स्वयं माता भारती को हो गए थे वो/ दिलों में बीज साहस शौर्य के कुछ बो गए थे वो..। भगत सिंह राजगुरु सुखदेव सा बलिदान क्या होता.. गुलामी दाग अपने लहू से धो गए थे वो...। आगरा की डॉ. रुचि चतुर्वेदी और ओरछा के युवा कवि सुमित ने भी कविताएं पढ़ीं। संचालन संजय पुरुषार्थी ने किया। डा. बीडी अग्रवाल, अरविंद, इंद्रमणि द्विवेदी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सविता अग्रवाल, पवन श्रीवास्तव, इंजीनियर रंजन द्विवेदी, सुजीत सिंह, अरुण अग्रवाल, जितेंद्र शर्मा, देवयानी आदि उपस्थित थे।
भगत सिंह के सपनों के विरुद्घ कार्य कर रही हैं सरकारें
इलाहाबाद। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से शहादत दिवस पर शुक्रवार को इविवि के अर्थशास्त्र विभाग के जेके मेहता पार्क में विचार गोष्ठी आयोजित हुई। वक्ताओं ने कहा कि भारत को समाजवादी देश बनाना भगत सिंह और उनके साथियों का सपना था। भगत सिंह और उनके साथी जाति, धर्म, सम्प्रदाय में भेदभाव के खिलाफ थे। आजादी के 70 सालों में भी उनके सपनों का भारत नहीं बन पाया है। वर्तमान सरकारें उनके सपनों के विरुद्घ कार्य कर रही हैं। संचालन शिवम मौर्य ने किया। गोष्ठी में अनिल, अनूप, गौतम, संदीप, सुधीर, शिवम, खुशबु, रश्मि, उज्मा, राहुल, आलोक आदि रहे।
आज तक पूरा नहीं हुआ क्रांतिकारियों का उद्देश्य
इलाहाबाद। जलसंस्थान कर्मचारी यूनियन की ओर से जोन-2 कार्यालय गऊघाट में शहादत दिवस की 87वीं वर्षगांठ मनाई गई। कर्मचारियों ने क्रांतिकारियों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्घांजलि दी। मुख्य वक्ता यूनियन के संरक्षक राम सिंह ने कहा कि क्रांतिकारियों ने जिन उद्देश्यों के लिए ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया, उन लक्ष्यों को आज तक पूरा नहीं किया जा सका है। मानव शोषण, बंधुवा मजदूरी, बेरोजगारी, शिक्षा की दुर्दशा, विदेशी पूंजी का देश में हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदीप गौड़, श्रीचंद, मो. अली, ओम प्रकाश त्रिपाठी, कृष्ण वर्मा, आनंद कुमार, संतोष हेला, हुमैल अहमद, ज्ञान सिंह, भानु प्रताप सिंह, ओमवती, अभिषेक अग्रवाल आदि रहे।उधर, सूर्योदय संस्था की ओर से शहादत दिवस पर रैली निकाली गई।
शिक्षा, रोजगार के लिए संघर्ष तेज करेगी डीवाईएफआई
इलाहाबाद। डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) की ओर से शहादत दिवस पर चंद्रशेखर आजाद पार्क में श्रद्घांजलि सभा आयोजित की गई। वक्ताओं ने कहा कि भगत सिंह भारत को प्रजातांत्रिक एवं समाजवादी बनाना चाहते थे, ऐसा उनके दल केनाम ‘हिंदुस्तान समाजवादी प्रजातांत्रिक सेना’ से ही स्पष्ट हो जाता है। सभा में पृथ्वी पाल, अखिल कश्यप, कुंवर राजन, मोहन सिंह, सरस्वती, छेदी लाल, गिरीश दुबे रहे।
शहीदों को दी अग्निमय श्रद्घांजलि
इलाहाबाद। जयहिंद फाउंडेशन की ओर से शहादत दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को शुक्रवार को कंपनी बाग स्थित आजाद प्रतिमा के समक्ष सैकड़ों मोमबत्ती एवं मशालें जलाकर श्रद्घांजलि दी। कार्यक्रम में देश भक्ति से प्रेरित नारों से आजाद पार्क गूंज उठा। इस अवसर पर ‘रोजगार तथा स्वास्थ्य के अधिकार को मूल अधिकार’ विषय पर गोष्ठी भी हुई। कार्यक्रम में फाउंडेशन के प्रवक्ता प्रदीप जयहिंद, विवेक, सिद्घार्थ, लक्ष्मण, दीपेश, दिलीप, आशुतोष आदि रहे।
भगत सिंह के विचारों पर चर्चा
इलाहाबाद। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के तत्वावधान में शहादत दिवस पर जानसेनगंज स्थित पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को हुई बैठक में कामरेड नसीम अंसारी ने भगत सिंह के राजनीतिक विचारों पर चर्चा की। अध्यक्षता करते हुए गिरधर गोपाल त्रिपाठी ने इंकलाब शब्द की व्याख्या की। इस बैठक में आनंद मालवीय, मुस्तकीम, फरमान रजा एवं प्रद्युम्न मौजूद रहे।
रेल मजदूरों के हक के लिए लड़ने का संकल्प
इलाहाबाद। नार्थ सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन (एनसीआरडब्लूयू) ने भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु की पुण्यतिथि को संकल्प दिवस के रूप में मनाया। कोरल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्घांजलि देते हुए यूनियन ने रेल मजदूरों के हक के लिए मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया। यूनियन के महामंत्री मनोज पांडेय, डीबी सिंह, मदन गोपाल सिन्हा, सैय्यद इरफात अली, संजय तिवारी, विनय तिवारी, जेके चौधरी, राजीव सिंह, रुकमानंद पांडेय, गीता मिश्रा, नीतू कोरी, दीपक वर्मा, आरएन बनर्जी, संतोष द्विवेदी आदि रहे।
स्मृति संकल्प यात्रा में गाए क्रांतिकारी गीत
इलाहाबाद। शहादत दिवस पर नौजवान भारत सभा, दिशा छात्र संगठन, और स्त्री मुक्ति लीग की ओर से शुक्रवार को स्मृति संकल्प यात्रा निकाली गई। गवर्नमेंट प्रेस के श्रम हितकारी केंद्र में क्रांतिकारी गीतों की प्रस्तुति हुई। कर्मचारी नेता अजय भारती ने कहा कि देश हर कोने में शहीदों का याद करना चाहिए। नौजवान भारत सभा के प्रसेन ने कहा कि भगत सिंह के समतामूलक समाज के निर्माण का सपना आज भी अधूरा है। देर शाम झूंसी के लाल चौक में पैदल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम में राजवेंद्र, अल्प नारायण, रामसुमेर, संजय, नीशू, महाप्रसाद, धर्मराज, अमित, अंगद, प्रतिभा आदि शामिल थे।
‘भगत सिंह के सपनों का भारत’ पोस्टर प्रतियोगिता, श्रमिकों ने शहीदों को किया याद
इलाहाबाद। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा केंद्र में भगत सिंह के सपनों का भारत विषयक पोस्टर कार्यशाला हुई। आजादी का संघर्ष और युवा विषयक परिचर्चा में शहीदों के त्याग पर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्र के प्रभारी प्रो. संतोष भदौरिया कथाकार प्रकाश मिश्र, डॉ. सूर्या ईवी, डॉ. अनुपमा राय, डॉ. ऋचा द्विवेदी समेत तमाम लोग उपस्थित थे। उधर, श्रमिकों की ओर से कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित पीडब्लूडी कार्यालय के बगल में शहादत दिवस पर ‘भगत सिंह और गुलाम देश’ विषयक गोष्ठी में बलिदानियों के त्याग को याद किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्मदत्त सिंह ने की। गोष्ठी को नागेश्वर गिरी, कड़ेदीन यादव, श्रीमती अनु सिंह ने संबोधित किया। संचालन राम सागर ने किया। इसमें अवधेश यादव, शोभनाथ सिंह, रमेश कुमार, गोपाल यादव, धीरेंद्र प्रताप, बृजेंद्र प्रताप सिंह आदि रहे। उधर, मानव एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इरशाद अंसारी ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु से देशभक्ति की प्रेरणा लेने की अपील की।
एबीवीपी ने शहीदों को अर्पित किए श्रद्घा-सुमन
इलाहाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की काशी प्रांत इकाई ने शहादत दिवस पर शुक्रवार को चंद्रशेखर आजाद पार्क में भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को मोमबत्ती जलाकर श्रद्घा-सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सनत मिश्र, महानगर अध्यक्ष डॉ.ऋुति आनंद और महानगर मीडिया संयोजक अनुपम त्रिपाठी ने शहीदों के विचारों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर आशीष सिंह, प्रणव अस्थाना, सत्यम विश्वकर्मा, राघवेंद्र सिंह, सौम्या शुक्ला, संदीप मौर्य, आशुतोष अग्रहरि, अंकित सिंह आदि रहे।
योग प्रशिक्षकों ने प्रस्तुत किए भजन एवं राष्ट्रभक्ति गीत
इलाहाबाद। पंतजलि योग समिति की ओर से नंद गार्डेन चौफटका में शहादत दिवस पर शोकसभा में योग प्रशिक्षकों ने भजन एवं राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत करके शहीदों को श्रद्घांजलि दी। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुबेदार सिंह ने, संचालन महामंत्री ने किया। कार्यक्रम में सीएल त्रिपाठी, श्यामसुंदर पटेल, राधेश्याम केसरवानी, भगवान सिंह, सालिगराम, रामलखन कुशवाहा, सुषमा, कुसुमलता, शशि कुशवाहा, रश्मि शुक्ला, रविशंकर, बलराम, बृजमोहन आदि रहे। उधर, रुद्रसेना फाफामऊ प्रयाग की ओर से जन जागरण यात्रा नवाबगंज तिराहे से आजाद पार्क तक निकाली गई।
समाज को बांटने वालों के विरुद्घ एकता जरूरी-शुक्ल
इलाहाबाद। सामाजिक एकता परिषद के बैनर तले शहादत दिवस पर कार्यकर्ताओं ने बैंक रोड से कैंडिल मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व कर रहे परिषद के निदेशक ओम प्रकाश शुक्ल ने कहा कि अलगावादी तत्वों द्वारा समाज को जातियों को बांटने वाली शक्तियों के विरुद्घ एकता जरूरी है। शहीद दिवस न केवल देश के प्रति सम्मान और हिंदुस्तानी होने का गौरव दिलाता है बल्कि वीर सपूतों के बलिदान को भी श्रद्घांजलि देता है। संचालन कर्मचारी नेता रविशंकर मिश्र ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी श्रीनारायण यादव, चंद्रशेखर यादव, दीपक सिंह, सुनील गुप्ता, विनोद यादव, अरुण यादव, धर्मेंद्र यादव, विनय कुमार, निलेश प्रताप आदि रहे।