जाम से जूझता रहा शहर
महापौर के शपथग्रहण कार्यक्रम के दौरान स्थिति हुई अनियंत्रित
मिनटों की दूरी घंटों में हुई तय
इलाहाबाद। शहर मंगलवार को भी जाम से जूझता रहा। जानसेनगंज और सोहबतियाबाग इलाकों में सुबह से ही जाम लग गया था। दिन बीतने के साथ अन्य सड़कों का भी वही हाल हो गया। महापौर के शपथ ग्रहण समारोह के समय तो स्थिति अनियंत्रित हो गई। देर शाम तक जाम का झाम यूं ही बना रहा। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों ने झेली।
सीएमपी डाट का पुल और रामबाग क्रासिंग का रास्ता बंद होने के बाद से ही शहर में जाम के हालात बने हुए हैं। मंगलवार की सुबह पुराने शहर से सेंट जोसेफ, एसएमसी, बीएचएस, जीएचएस, एमपीवीएम, वाईएमसीए स्कूल और होली ट्रिनिटी आदि स्कूल जाने वाले जानसेनगंज और सोहबतियाबाग इलाकों में फंस गए थे। साढ़े सात बजे सुबह के बाद ही वहां भारी जाम लग गया था। सुबह ट्रैफिक का एक भी सिपाही वहां नहीं था, इस कारण जाम चारों ओर से ट्रैफिक इकट्ठा हो गया था। स्थानीय लोगों और कुछ राहगीरों ने बच्चों की परेशानी देख खुद ही जाम को खुलाने का प्रयास किया। जैसे जैसे दिन बीता जाम की समस्या विकराल होती गई। महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान वहां भी बड़ी संख्या में चार पहिया और दो पहिया वाहनों से लोग पहुंचे थे। करीब दो घंटे तक जानसेनगंज, सिविल लाइंस, चौक, विवेकानंद मार्ग, जीरो रोड, शाहगंज, खुल्दाबाद, अतरसुइया आदि पुराने शहर में भीषण जाम लगा रहा। इसी दौरान स्कूलों की छुट्टियां हो गईं। कई बार स्थिति आई कि लोग आधा आधा घंटे तक एक ही जगह खड़े रहे। रिक्शे और ट्राली से जाने वाले बच्चों की स्थिति तो और खराब हो गई थी।
इस दौरान कटरा, कर्नलगंज, बालसन चौराहा, अल्लापुर आदि इलाकों में भी जाम लग गया था। मुट्ठीगंज, कीडगंज, गऊघाट इलाकों में भी लोग जाम से जूझते रहे। सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव देर शाम तक बना रहा।