योग ने तोड़ दी है जाति-धर्म और देश की सीमाएं
0 योग दिवस पर भगवामय हुई प्रयाग संगीत समिति
0 भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने बताया योग का महत्व
इलाहाबाद। बुधवार की सुबह सिविल लाइंस स्थित संगीत समिति भगवामय हो गई। यहां भगवा टीशर्ट पहने सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया। रिमझिम फुहारों से मौसम के खुशनुमा हो जाने से यहां योग करने वाले लोगों का उत्साह दोगुना हो गया। यहां मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन ने भी लोगों को खूब उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज योग ने जाति, धर्म और देश की सीमाएं तोड़ दी है।
राष्ट्रीय महासचिव ने योगाभ्यास करने के साथ यह भी कहा कि योग ही लोगों को आपस में जोड़ता है। आज सारी दुनिया भारत के इस ज्ञान को मान चुकी है। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से लगातार तीसरे वर्ष आयोजित योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक डा. बीबी अग्रवाल की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य मेला भी लगाया गया। यहां डा. एलएस ओझा, डा. मिलन मुखर्जी, डा. जीएस सिन्हा आदि की मौजूदगी में सुबह योग दिवस की शुरूआत आरएसएस के सह प्रांत प्रचारक मनोज जी और योग प्रशिक्षक सरोज योगी ने की। यहां योगाभ्यास करने वालों को भगवा टीशर्ट और कालाी टोपी वितरित की गई। इस दौरान लोगों को तमाम योगासन सिखाए गए। इस अवसर पर इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र प्रसाद, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, पूर्व पार्षद विजय वैश्य आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में आचार्य शान्तनु जी महाराज ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर योगगुरु गोपाल जी यादव और सरोज योगी को सम्मानित किया गया। यहां धन्यवाद ज्ञापन डा. एलएस ओझा ने किया।
000000000000000000000000000
पांच हजार लोगों ने कराया परीक्षण, बच्चे हुए सम्मानित
इलाहाबाद। योग दिवस पर आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य मेले में तकरीबन पांच हजार लोगों ने प्रयाग संगीत समिति में अपने चेकअप कराए। इस दौरान हीमोग्लोबिन, ईसीजी, बीपी आदि के साथ कई तरह की जांच नि:शुल्क की गई। संयोजक बीबी अग्रवाल के मुताबिक बच्चों के लिए पेटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित कराई गई। इसमें डा. सबिता अग्रवाल और निशा यादव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
0000000000000000000000000