000000000000000000
लोक सेवा आयोग के मामले में सुनवाई जारी
प्रयागराज। एलटी ग्रेड पेपर लीक मामले में एसटीएफ के नोटिस को चुनौती देने वाली लोक सेवा आयोग की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। मंगलवार कोर्ट ने प्रदेश सरकार को निर्देश दिया है कि वह मामले से संबंधित जो भी जानकारियां और दस्तावेज देना चाहते हैं, उसे 18 जून तक अदालत में हलफनामे के जरिए दाखिल कर दें। 18 जून को दोपहर बाद इस मामले की सुनवाई होगी। आयोग की याचिका पर न्यायमूर्ति जेजे मुनीर और न्यायमूर्ति अनिल कुमार की पीठ सुनवाई कर रही है।
आयोग की याचिका में कहा गया है कि एलटी ग्रेड पेपर से संबंधित कई गोपनीय जानकारियां एसटीएफ ने आयोग से मांगी है। नियमानुसार ऐसी जानकारी किसी को नहीं दी जा सकती है। आयोग को डर है एसटीएफ इस मामले में उत्पीड़नात्मक कार्रवाई कर सकती है। कोर्ट से मांग की गई है कि गोपनीय दस्तावेजों की मांग करने से रोका जाए और आयोग अधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं की जाए। याचिका पर बुधवार को सुनवाई होगी।