इविवि में प्रवासी भारतीयों पर होगा शोध
0 सेंटर ऑफ डायसपोरा स्टडीज की स्थापना
0 प्रो. योगेश्वर तिवारी सेंटर के कोऑर्डिनेटर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में अब प्रवासी भारतीयों पर शोध होगा। इसके लिए मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग में सेंटर ऑफ डायसपोरा स्टडीज की स्थापना की गई है। सेंटर के कोऑर्डिनेटर प्रो. योगेश्वर तिवारी बनाए गए हैं। नए सत्र में सेंटर की दो सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे और इसके बाद प्रवासी भारतीयों पर शोध शुरू कर दिया जाएगा।
इस शोध में अध्ययन किया जाएगा कि भारतीय किन वजहों से विदेश गए, क्यों गए और वहां जाकर उन्होंने क्या किया। यह अध्ययन भी होगा कि प्रवासी भारतीयों का विदेश में क्या योगदान रहा और देश के विकास में उन्होंने कितना योगदान दिया। साथ ही उन प्रवासी भारतीयों पर भी शोध होगा, जो विदेश जाकर किसी उच्च पद पर तैनात हुए। प्रो. योगश्वर तिवारी ने बताया कि अध्ययन के दौरान यह भी देखा जाएगा कि प्रवासी भारतीय विदेशों से अपने देश के लिए क्या लेकर आए और विदेशों को उन्होंने क्या दिया। सिर्फ प्रवासी भारतीय ही नहीं, विस्थापित कश्मीरी पंडितों और उन लोगों पर भी शोध होगा जो अपना मूल स्थान छोड़कर दूसरे राज्यों में बसने के लिए मजबूर हुए। आखिर किन परिस्थितियों में उन्हें जाना पड़ा और नई जगह जाने के बाद उनकी स्थितियों में किस तरह के परिवर्तन आए। प्रो. तिवारी का कहना है कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोणा से इस का काफी महत्वपूर्ण साबित होगा और देश के विकास में इसकी अहम भूमिका होगी।