सैकड़ों अभ्यर्थियों ने ओएमआर में भरी गलत सूचना
0 सहानुभूति के आधार पर इविवि सुधारेगा अभ्यर्थियों की भूल
0 किसी ने विषय कोड में की गलती तो किसी के नाम में गड़बड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और कॉपियों को जांचने का काम चल रहा है। तमाम अभ्यर्थियों ने ओएमआर में गलत सूचना भर दी है और इससे अभ्यर्थियों को नुकसान हो रहा है। इविवि प्रशासन ने सहानुभूति के आधार पर ऐसे अभ्यर्थियों की भूल सुधारने का निर्णय लिया है।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में बीए में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा के दौरान 173 अभ्यर्थियों ने ओएमआर पर विषय कोड गलत भर दिया। अभ्यर्थियों को सात विषयों में से विकल्प चुनने थे लेकिन ओएमआर में विषय का कोड गलत भर जाने से अब कॉपी जांचने में तकनीकी अड़चन आ रही है और इससे अभ्यर्थियों को सीधा नुकसान हो रहा है। इसी तरह बीएससी में भी दो विषयों में कोई एक विकल्प चुनना था। कई अभ्यर्थियों में बीएससी में भी विषय कोड चुनने में गलती कर दी और ओएमआर पर गलत विकल्प भर दिया जबकि सवाल किसी दूसरे वैकल्पिक विषय के हल किए।
वहीं, तमाम अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिन्होंने अपना नाम तो सही लिखा लेकिन ओएमआर पर नाम के आगे गोला भरने में गलती कर दी। अब कंप्यूटर में उनका नाम गलत प्रदर्शित हो रहा है। इविवि परीक्षा समिति के निदेशक प्रो. मनमोहन कृष्ण का कहना है कि ऐसे अभ्यर्थियों की कॉपियों में सुधार किया जा रहा है। जिन अभ्यर्थियों के ओएमआर में सुधार संभव नहीं है, वहां अभ्यर्थियों की कॉपियों निकालकर चेक की जा रही है। सहानुभूति के आधार पर अभ्यर्थियों की भूल को सुधारा जा रहा है ताकि एक छोटी सी गलती के कारण किसी योग्य अभ्यर्थी को नुकसान न हो।
00
एलएलबी, बीएएलएलबी प्रवेश के लिए चेयरमैन नियुक्त
- इविवि प्रशासन ने एलएलबी, बीएएलएलबी और बीएससी होमसाइंस में प्रवेश के लिए तीन शिक्षकों की बतौर चेयनमैन नियुक्ति कर दी है। प्रवेश की जिम्मेदारी अब इन्हीं शिक्षकों पर होगी। इविवि प्रशासन 12 जून से प्रवेश परीक्षा परीक्षा का परिणाम भी घोषित करना शुरू कर देगा। बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए डॉ. हरबंस सिंह, एलएलबी मेें प्रवेशक े लिए डॉ. अंशुमान मिश्र और बीएससी होमसाइंस में प्रवेश के लिए डॉ. नीतू मिश्रा को चेयरमैन नियुक्त किया गया है।