नए अध्यक्ष और परीक्षा नियंत्रक पर होगा दारोमदार
0 25 दिन बाद रिटायर हो जाएंगे यूपीपीएससी के अध्यक्ष
0 सदस्य के तीन पद भी खाली, नई नियुक्ति का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के अध्यक्ष डॉ. अनिरुद्ध सिंह 25 दिन बाद एक जुलाई को रिटायर हो जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक का पद भी खाली है। सदस्य के भी तीन पद रिक्त हैं। ऐसे में आने वाला समय आयोग के लिए चुनौती भरा साबित होने जा रहा है।
परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामले में जेल जा चुकी हैं। शासन ने भी उन्हें निलंबित कर दिया है। आयोग की ओर से नए परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। जब तक नए परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति होगी, तब तक आयोग के अध्यक्ष डॉ. अनिरुद्ध सिंह के रिटायर होने का समय नजदीक आ जाएगा। इसके अलावा आयोग के सदस्य के कुल आठ पद हैं, जिनमें से तीन पद खाली हैं।
एक सदस्य पिछले महीने मई में रिटायर हो चुके हैं, जबकि एक अन्य सदस्य ने पद से इस्तीफा दे दिया था और सदस्य के एक पद पर शासन ने नियुक्ति ही नहीं की थी। ऐसे में आयोग को परीक्षा नियंत्रक के साथ नए अध्यक्ष और सदस्यों के तीन पदों पर नियुक्तियां होने का सभी को इंतजार है। हालांकि, अध्यक्ष और सदस्य के पदों पर नियुक्ति के लिए शासन की ओर से आवेदन मांगे जा चुके हैं। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का पेपर लीक मामला सामने आने के बाद परीक्षा नियंत्रक के साथ नए अध्यक्ष के लिए भी काम करना चुनौती पूर्ण होगा। परीक्षाओं का पटरी पर लाने का पूरा दारोमदार उन्हीं पर होगा।