सौर ऊर्जा की रोशनी से जगमग होगा शहर
27 लाख रुपये की लागत से हाईमास्ट व सड़कों के किनारे लगाईं जाएगी सोलर लाइट
शहर के किनारे वाले वार्डों को प्राथमिकता में रखने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शहर के उन वार्डों के चौराहे और सड़कें अब सौर ऊर्जा की रोशनी से जगमग होंगी, जहां बिजली की समस्या रहती है। चौराहों पर हाईमास्ट तो सड़कों के किनारे सोलर लाइट लगाई जाएगी।
शासन ने सौर पुंज योजना के तहत जनपद को 27,93695 रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस योजना के तहत शहर के उन मोहल्लों को चयनित करना है जहां रात में अंधेरा रहता हो। वहां चौराहों पर सोलर हाईमास्ट तो सडक़ों के किनारे सोलर लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए सरकार की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्थानों का चयन नगर पालिका द्वारा किया जाएगा। ताकि सौर पुंज योजना के मद में मिली धनराशि से शहर को जगमग किया जा सके। बिजली न रहने पर भी उस इलाके में दूधिया रोशनी अंधेरे को दूर करती रहेगी। गांव की सीमा पर बसे मोहल्लों में इसे लगाने की योजना हत। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी मुदित सिंह ने बताया कि शासन से सौर पुंज योजना के तहत धनराशि मिलेगी। इसके लिए ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के बाद स्टीमेट बनाकर प्रस्ताव भेजा जाएगा। जिसके बाद शासन से धनराशि की स्वीकृति मिलेगी। अवर अभियंता को स्थान व स्टीमेट तैयार करने के लिए कहा गया है।
इनसेट------
बिजली की खपत भी होगी कम
शहर के चौराहों, गलियों व सडक़ों से अंधेरा दूर करने के लिए नगर पालिका द्वारा एलईडी, सोडियम लाइट और चौराहों पर हाईमास्ट लगाया गया है। इससे बिजली की खपत अधिक होती है। सौर पुंज योजना के तहत 27 लाख की लागत से शहर में सोलर हाईमास्ट और सोलर लाइट लगने के बाद बिजली की खपत कम हो जाएगी।