28 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गया जीएसटी संग्रह
0 जीएसटी संग्रह में प्रयागराज परिक्षेत्र का भी अच्छा योगदान
0 माह भर में ही 23 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर लिया संग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का संग्रह प्रयागराज परिक्षेत्र में भी लगातार बढ़ रहा है। देश भर में जीएसटी संग्रह एक लाख करोड़ के आंकड़े को पार कर गया है। इसमें प्रयागराज परिक्षेत्र का भी अच्छा योगदान है। प्रयागराज परिक्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2017-18 के मुकाबले जीएसटी संग्रह में कुल 28.03 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष के अप्रैल माह के आंकड़े के मुकाबले चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल माह में 23 करोड़ से ज्यादा का संग्रह किया गया है।
दरअसल, इस वर्ष लगातार तीसरे माह जीएसटी संग्रह एक लाख करोड़ रुपये के ऊपर रहा है। हालांकि जीएसटी संग्रह में अब तक का रिकार्ड चालू वित्त वर्ष के पहल महीने यानी अप्रैल का ही रहा है। अप्रैल में सरकार को जीएसटी की मद में 1.13, 865 करोड़ रुपये हासिल किए। वाणिज्य कर विभाग के प्रयागराज परिक्षेत्र की बात करें तो अप्रैल 2019 में विभाग ने 196.54 करोड़ का संग्रह किया, जबकि पिछले वर्ष इस अवधि में यह राशि 173.07 करोड़ रुपये रही। उधर एक वित्तीय वर्ष की तुलना करें तो प्रयागराज परिक्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2017-18 में जीएसटी का प्राप्त संग्रह 1266.86 करोड़ रहा, जो वित्तीय वर्ष 2018-19 में बढ़कर 1621.98 करोड़ रुपये हो गया। यानी की एक वित्तीय वर्ष में ही 28.03 प्रतिशत जीएसटी संग्रह की वृद्धि हो गई। वाणिज्य कर विभाग के एसिस्टेंट कमिश्नर ग्रेड वन एके राय ने बताया कि मई माह में भी जीएसटी संग्रह में वृद्धि हुई है। शीघ्र ही इसके आंकड़े भी जारी कर दिए जाएंगे।