1530 candidates of Zilla Panchayat member in the fray, 54 pamphlets canceled
- फोटो : ALDCOMPACT
प्रयागराज। मंगलवार को दूसरे दिन भी जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन करने वाले 27 दावेदारों के फार्म निरस्त हो गए। पहले दिन भी 27 पर्चे खारिज हुए थे। इस तरह से दो दिनों में कुल 54 लोगों के नामांकनपत्र निरस्त हो चुके हैं। इन्हीं दो दिनों में प्रधानी के 65 पर्चे, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 64 तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 840 पर्चे निरस्त हुए। बुधवार को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। बुधवार को ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 1620 लोगों ने नामांकन किया था। हालांकि, अब मंगलवार को जारी सूची के अनुसार कुल 1584 नामांकन पत्रों की जांच की गई। इनमें से 54 निरस्त हो गए हैं। इस तरह से नामांकन पत्रों की जांच के बाद जिला पंचायत सदस्य की कुल 84 सीट के लिए 1530 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। मंगलवार को सबसे अधिक वार्ड 34 के तीन पर्चे निरस्त हुए। वहीं वार्ड 22, 23, 58, 59 और 79 के दो-दो पर्च निरस्त किए गए।
मंगलवार को प्रधानी के 60 लोगों के नामांकन पत्र निरस्त हो गए। सोमवार को पांच पर्चे निरस्त हुए थे। इस तरह से कुल 65 दावेदार सही फार्म नहीं भर पाने की वजह से लड़ाई से बाहर हो गए। इस तरह से प्रधानी के 1540 पदों के लिए अब 14,865 उम्मीदवार बचे हैं। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 57 पर्चे निरस्त हुए। सोमवार को सात नामांकन निरस्त हुए थे। इस तरह से 64 नामांकन फार्म निरस्त होने के बाद कुल 10,419 प्रत्याशी मैदान में हैं। पदों की कुल संख्या 2086 है। ग्राम पंचायत सदस्य के दूसरे दिन 813 फार्म निरस्त हो गए। सोमवार को भी 27 लोगों के नामांकन रिस्त हुए थे। इस तरह से कुल 840 दावेदार बाहर हो गए हैं। ऐसे में ग्राम पंचायत सदस्य के 19,820 पदों के सापेक्ष मात्र 11,856 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मतदानकर्मियों को लगेगा कोविड का टीका
प्रयागराज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को कोविड संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। कर्मचारियों का मंगलवार को प्रशिक्षण शुरू हुआ। सीडीओ शिपू गिरि ने सभी से टीकाकरण कराने के लिए कहा। सीडीओ तथा अन्य अफसरों ने मतदान की प्रक्रिया के बारे में बताया। सीडीओ ने बताया कि हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत बताना होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, आल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन तथा प्रयाग संगीत समिति के सभागार में आयोजित हुआ।