सब पास, 30 फीसदी से ज्यादा को 10 सीजीपीए
0 सीबीएसई दसवीं के परिणाम में 98.23 प्रतिशत के साथ इलाहाबाद रीजन का देश में तीसरा स्थान
0 आर्मी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का जलवा, शहर के कई और स्कूलों ने भी गाड़े सफलता के झंडे
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से शनिवार को घोषित दसवीं के परिणाम में 98.23 प्रतिशत के साथ इलाहाबाद रीजन देश में तीसरे स्थान पर रहा। दोपहर बाद जारी परिणाम में विभिन्न विद्यालयों के 30 फीसदी से ज्यादा विद्यार्थियों ने 10 सीजीपीए के साथ सौ प्रतिशत अंकों में सफलता अर्जित की। केंद्रीय विद्यालयों एवं पब्लिक स्कूलों में छात्र-छात्राएं शत-प्रतिशत सफल रहे। न्यू कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल के सबसे ज्यादा छात्र-छात्राओं को 10 सीजीपीए मिले हैं।
न्यू कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने रिकार्ड कायम किया। इस बार यहां के 50 विद्यार्थियों को 10 सीजीपीए मिले। एमपीवीएम के विद्यार्थी में शत-प्रतिशत सफलता में पीछे नहीं रहे। यहां के 41 छात्र-छात्राओं को 10 सीजीपीए मिले। गंगा गुरुकुलम के 37, विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल के 36, टैगोर पब्लिक स्कूल के 35, केंद्रीय विद्यालय (केवी) न्यू कैंट एवं डीपी पब्लिक स्कूल के 32-32, दिल्ली पब्लिक स्कूल के 27 एवं श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल के 23 छात्र-छात्राओं ने 10 सीजीपीए के साथ सफलता का झंडा गाड़ा।
बड़ी संख्या ऐसे विद्यालयों की भी रही, जहां 18 से लेकर 10 विद्यार्थियों तक को 10 सीजीपीए मिले। कादिलपुर स्थित बृज बिहारी सहाय विद्या मंदिर के 18 छात्र-छात्राएं,न्याय नगर पब्लिक स्कूल के 13, झूंसी के डॉन द हायर के 13 विद्यार्थी ने शत-प्रतिशत अंकों के साथ सफलता अर्जित की। वाईएमसीए सेंटेनरी स्कूल एंड कॉलेज, विद्या वाहिनी स्कूल, बाल भारती स्कूल एंड कॉलेज के 10-10 छात्र-छात्राओं को 10 सीजीपीए मिले। विद्यार्थियों की सफलता से इन विद्यालयों के प्रबंधन के साथ प्रधानाचार्य भी गदगद रहे।