000000000000000000000000000
नियुक्ति के लिए चयनितों ने घेरा निदेशालय
0 महीनों पहले हो चुका है चयन, पर नहीं हुई काउंसलिंग
0 तीन विषयों में महीनों से फंसी है असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। अशासकीय कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए हुई भर्ती परीक्षा में चयनित होने के बावजूद अभ्यर्थियों को महीनों बाद भी नियुक्ति नहीं मिल सकी है। ऑफलाइन और ऑनलाइन काउंसलिंग के फेर में चयनितों की नियुक्ति फंसी हुई है। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय का घेराव किया। अभ्यर्थी दिनभर वहां धरने पर बैठे रहे। इस दौरान उच्च शिक्षा निदेशक से उनकी वार्ता भी हुई लेकिन, कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, सो अभ्यर्थियों ने मंगलवार को निदेशालय में धरना-प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया।
विज्ञापन संख्या 46 के तहत रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान और जंतु विज्ञान विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के तकरीबन साढ़े तीन सौ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की ऑफलाइन काउंसलिंग के लिए 22 से 30 अक्तूबर तक समय निर्धारित किया गया था लेकिन, ऑफलाइन काउंसलिंग स्थगित कर दी गई और कहा गया कि शासन अब ऑनलाइन काउंसलिंग कराएगा। अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया गया था कि ऑनलाइन काउंसलिंग जल्द कराई जाएगी। तीन माह बीत चुके हैं और काउंसलिंग की तिथि अब तक तय नहीं हुई।
चयन के बावजूद साढ़े तीन सौ अभ्यर्थी नियुक्ति के लिए तरस रहे हैं। इन तीन विषयों में चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि जब विज्ञापन संख्या 46 के तहत अन्य विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग ऑफलाइन कराई गई तो उनकी नियुक्ति में अड़ंगा क्यों लगाया जा रहा है। इससे उन्हें नुकसान हो रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सोमवार सुबह उच्च शिक्षा निदेशालय पहुंच गए और वहां धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का आंदोलन शाम तक जारी रहा।
इस बीच उच्च शिक्षा निदेशक प्रीति गौतम से उनकी वार्ता हुई लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। अभ्यर्थियों से कहा गया कि शासन को मौजूदा परिस्थितियों से अवगत कराया गया है। वहां से दिशा-निर्देश मिलने के बाद ही काउंसलिंग पर कोई निर्णय लिया जाएगा। अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक काउंसलिंग की तिथि निर्धारित नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। अभ्यर्थी मंगलवार को भी धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान अभ्यर्थी बृजेश कुमार सिंह, अवधे, सुरेंद्र, विवेक, महीप, आशीष आदि मौजूद रहे।