कोहरे से सुस्त हुईं ट्रेनें
चार घंटे लेट रही प्रयागराज, रात नौ बजे रवाना हुई संगम एक्सप्रेस, नौचंदी भी लेट
लेटलतीफी से दिन भर में 700 से ज्यादा आरक्षित टिकट यात्रियों ने कराए निरस्त
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
देर रात पड़े कोहरे ने इलाहाबाद आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों की लय बिगाड़ दी। दिल्ली रूट की ट्रेनों पर इसका असर कुछ ज्यादा ही पड़ा। प्रयागराज एक्सप्रेस शुक्रवार को चार घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। यही हाल अन्य ट्रेनों का भी रहा। संगम जहां दिन में दो बजे के बाद जंक्शन पहुंची तो वहीं ब्रह्मपुत्र मेल अपने निर्धारित समय से 15 घंटे लेट रही। देरी से आने की वजह से शाम को संगम एक्सप्रेस समय से रवाना नहीं की जा सकी। इसे शाम 5.45 की बजाय रात नौ बजे रवाना किया गया।
पिछले चार दिनों से मौसम साफ रहने की वजह से तमाम ट्रेनें समय की पटरी पर तकरीबन पहुंच ही चुकी थी, लेकिन बृहस्पतिवार की देर रात पड़े कोहरे ने एक बार फिर से रेल संचालन को पटरी से उतार दिया। कोहरे की वजह से वीआईपी ट्रेन प्रयागराज एक्सप्रेस सुबह 6.50 की बजाय 10.50 बजे जंक्शन पहुंची। मेरठ से आने वाली नौचंदी एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से दिन में 2.55 बजे तो वहीं रीवा और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस क्रमश: 3.40 एवं 5.20 घंटे विलंब रहीं। जंक्शन आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों की लेटलतीफी पहले के मुकाबले ज्यादा बढ़ गई। डाउन ब्रह्मपुत्र मेल 15 घंटे, डाउन शिवगंगा एक्सप्रेस 5.15 घंटे, डाउन स्वतंत्रता सेनानी 14 घंटे, डाउन नार्थ ईस्ट आठ घंटे तक लेट रही। इसके अलावा अप लाइन की हावड़ा-जोधपुर चार घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 24 घंटे, मुरी एक्सप्रेस 10 घंटे, कालका मेल 9.15 घंटे, सीमांचल एक्सप्रेस सात घंटे, सियालदाह-अजमेर आठ घंटे तक लेट रही। ट्रेनों के विलंब से आने की वजह से यात्रियों को भी खासी परेशानी हुई। पूछताछ काउंटर पर भी यात्रियों की लंबी लाइन लगी रही। मजबूरी में बहुत से यात्रियों ने अपने टिकट भी निरस्त करवा लिए। इलाहाबाद जंक्शन, इलाहाबाद सिटी, नैनी, प्रयाग स्टेशन स्थित आरक्षण काउंटर से दिन भर में 700 से ज्यादा आरक्षित टिकट यात्रियों ने निरस्त करवाएं।