नौवीं-ग्यारहवीं का अग्रिम पंजीकरण 25 अगस्त तक
0 यूपी बोर्ड की ओर से स्कूलों में प्रवेश के लिए पांच अगस्त तक का समय
0 जिला विद्यालय निरीक्षक नए स्कूलों को जारी करेंगे यूजर आईडी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। यूपी बोर्ड की ओर से शैक्षिक सत्र 2018-19 के नौवीं एवं ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं का बोर्ड परीक्षा 2020 के लिए अग्रिम पंजीकरण 11 जुलाई से शुरू हो गया। पंजीकरण प्रक्रिया 25 अगस्त को मध्य रात्रि तक पंजीकरण शुल्क जमा होने तक जारी रहेगी। बोर्ड की सचिव की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि स्कूल नौवीं और ग्यारहवीं में पांच अगस्त तक प्रवेश ले सकते हैं। हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा और स्क्रूटनी के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए 20 अगस्त तक का समय दिया गया है।
यूपी बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव के अनुसार विद्यालयों के प्रधानाचार्य अग्रिम पंजीकरण परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। बोर्ड की सचिव के अनुसार 2020 की परीक्षा से पहले नई मान्यता प्राप्त विद्यालयों को यूजर आईडी एवं पासवर्ड संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी किया जाएगा। पुराने विद्यालयों के लिए 2017 में जारी यूजर आईडी एवं पासवर्ड यथावत रहेगा। मंगलवार से शुरू हुए नौवीं-ग्यारहवीं के पंजीकरण में अबकी बार स्कूलों को अपना पूरा विवरण देना होगा। बोर्ड की ओर से स्कूल के संसाधनों के साथ हर कक्षा में छात्रों की संख्या का विवरण मांगा गया है।
नौवीं-ग्यारहवीं के पंजीकरण का कार्यक्रम
1. नौवीं-ग्यारहवीं में छात्र-छात्राओं के प्रवेश की अंतिम तिथि -पांच अगस्त
2. हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा और स्क्रूटनी के बाद परीक्षा पास होने वालों को ग्यारहवीं में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि-20 अगस्त
3. स्कूल के प्रधानाचार्यों की ओर से अग्रिम पंजीकरण शुल्क 50 रुपये प्रति विद्यार्थी की दर से चालान कोषागार जमा करने एवं पंजीकरण शुल्क की सूचना विद्यार्थियों के विवरण के साथ बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि- 25 अगस्त मध्य रात्रि
4. वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए गए विद्यार्थियों के विवरण चेकलिस्ट प्राप्त कर प्रधानाचार्य की ओर से नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, विषय, फोटो आदि को जांच करने की अंतिम तिथि-26 अगस्त से पांच सितंबर के बीच।
5. ऑनलाइन अपलोड किए गए छात्रों के विवरण को जांचने के बाद किसी प्रकार संशोधन जरूरी है तो उसे संस्था के प्रधान की ओर से दोबारा वेबसाइट पर संशोधित अपडेट करने की अवधि, इस अवधि में नए छात्रों का विवरण अपलोड नहीं किया जाएगा। अंतिम तिथि छह सितंबर से 20 सितंबर
6. संस्था के प्रधान की ओर से पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली एवं ट्रेजरी चालान की प्रति बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों में भेजने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर रखी गई है।