भाजपा विधायक नीलम करवरिया को डेंगू, इलाज के लिए गईं एम्स दिल्ली रेफर
- अलग-अलग इलाकों के पांच अन्य भी पीड़ित, निजी अस्पतालों में भर्ती
इलाहाबाद। मौसम ठंडा हो गया लेकिन डेंगू का प्रकोप नहीं थम रहा है। मेजा से भाजपा विधायक नीलम करवरिया भी पीड़ितों में शामिल हो गई हैं। सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल में कई दिन भर्ती रहने के बाद विधायक को शनिवार रात उन्हें एम्स दिल्ली के लिए रेफर किया गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले गए हैं। चिकित्सकों के मुताबिक लगातार प्लेटलेट्स कम होने से उन्हें डेंगू होने की आशंका है। वहीं जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए पांच बुखार पीड़ितों को भी डेंगू का संदिग्ध मरीज माना जा रहा है। निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे इन मरीजों रक्त नमूने जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं।
चिकित्सकों के मुताबिक विधायक नीलम करवरिया की प्लेटलेट्स काउंट 80 हजार तक आ गया। समान्यत: स्वस्थ व्यक्ति के प्लेटलेट्स काउंट 1.5 लाख से 4.5 लाख तक होना चाहिए। हालांकि विधायक को बुखार की शिकायत थी। प्लेटलेट्स घटने की वजह से उन्हें एम्स दिल्ली के लिए रेफर किया गया है। शहर के दारागंज, कीडगंज, नैनी और फाफामऊ, सलोरी इलाके के 5 बुखार पीड़ितों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला संक्रामक रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. एके मिश्रा के मुताबिक डेंगू पीड़ितों के रक्त की जांच मेडिकल कॉलेज में कराए बगैर उन्हें डेंगू से पीड़ित नहीं माना जा सकता। उन्होंने बताया कि वायरल फीवर में भी प्लेटलेट्स काउंट कम हो जाता है। इसलिए जिन इलाको के मरीज होते हैं, उनके घरों के आसपास भी एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाता है।