महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि के लिए यूपी रोडवेज ने 1200 अतिरिक्त बसों को रिजर्व में रखा है। वहीं, जिले से पूरे हफ्ते प्रदेश भर में बसों का संचालन किया जाएगा।
प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के मुताबिक महाशिवरात्रि स्नान व 21 से 28 फरवरी के लिए 1200 बसें रिजर्व में रखी गई है। ताकि प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसके अलावा संगम क्षेत्र में 750 शटल बसें भी चल रही हैं। उन्होंने बताया कि यूपी रोडवेज के सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़ परिक्षेत्र से यात्रियों की संख्या के अनुमान के दृष्टिगत प्रयागराज के लिए 25 बसों का प्रस्थान प्रतिदिन सुनिश्चित किया जा रहा है।
पूर्वांचल से आने वाली अतिरिक्त भीड़ के लिए भी विशेष प्रबंध किया जा रहा है। कहा कि प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, चित्रकूट, अयोध्या एवं देवीपाटन क्षेत्र द्वारा मेला संचालन से इतर संचालित बसों को अधिकतम 300 किमी तक में ही संचालित किया जाएगा। ताकि उन्हें वापस प्रयागराज भेजा जा सके।