इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायमूर्ति गोविंद माथुर यहां के चीफ जस्टिस नियुक्त कर दिए गए हैं। केंद्रीय विधि मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति का पद गत 23 अक्तूबर से रिक्त था। जस्टिस गोविंद माथुर गत वर्ष 21 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर यहां आए थे। चीफ जस्टिस डीबी भोसले के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें यहां कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया।
वर्ष 2004 में हाईकोर्ट जज बनने से पूर्व वह जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट में संवैधानिक, सर्विस व श्रमिक मामलों की वकालत करते थे। वह राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर, इंडियन आयल कारपोरेशन, एनसीटीई, राजस्थान विद्यापीठ, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, वाटर एंड पावर कंसल्टेंसी सर्विस दिल्ली, भीलवाड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक, थार आंचलिक ग्रामीण बैंक व पंजाब नेशनल बैंक के भी वकील रहे।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने गत 29 अक्तूबर को जस्टिस गोविंद माथुर को हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने के लिए संस्तुति की थी।