इलाहाबाद में भी खुला ई-नगरीय स्वास्थ्य केंद्र
0 चिकित्सा मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अबूबकरपुर में किया उद्घाटन
0 झलवा-असरावल सीसी रोड के निर्माण का भी हुआ शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सूबे कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शनिवार को प्रीतमनगर के अबूबकरपुर में जिले के पहले ई-नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। यहां उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की खूबियों के बारे में बताया। कहा कि इस तरह से चार और केंद्र भी शहर में जल्द खोले जाएंगे। इन प्राथमिक केंद्रों में हर तरह के रोगों का इलाज किया जाएगा। इसके पूर्व सिद्धार्थनाथ ने झलवा से असरावल के बीच सीसी रोड के निर्माण के कार्य का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि योगी सरकार ने विकास का संकल्प लिया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धूमनगंज से सूबेदारगंज रेल अंडरब्रिज तक डामर सड़क, रेल अंडरब्रिज से झलवा, खेलगांव तक चार लेन एवं खेलगांव से असरावल खुर्द तक दो लेन की सीसी रोड बनाई जाएगी। यहां ससुर खदेरी नदी पर एक पुल भी बनाया जाएगा। इस दौरान जो पेड़ काटे जाएंगे उससे पांच गुना ज्यादा पेड़ लगाए जाएंगे। यह सड़क 11 महीने में बनकर तैयार हो जाएगी। इस दौरान डीएम संजय कुमार, एके द्विवेदी, योगेंद्र सिंह, राम अभिलाष चौरसिया, राजू राय, दिनेश तिवारी आदि मौजूद रहे। चिकित्सा मंत्री ने अबूबकरपुर भोला का पुरवा में बने शहर के पहले ई-नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया। यहां उन्होंने ऑनलाइन सिस्टम के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान हैदराबाद में बैठे ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. सत्य भाभा और डॉ. मधु श्रीजीत से उन्होंने बात भी की।
यहां एक सभा में सिद्धार्थनाथ ने कहा कि यह केंद्र इलाहाबाद का पहला और प्रदेश का तीसरा ई-प्राथमिक केंद्र है। इसमें टेलिमेडिसिन की भी सुविधा उपलब्ध है। इलाहाबाद में इस तरह के चार और केंद्र खोले जाएंगे। प्रदेश में 500 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की योजना है। कहा कि यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह से ऑनलाइन है। इसमें सभी तरह के रोगों का इलाज होगा। कहा कि गंभीर बीमारियों का आंध्रप्रदेश में बैठे डॉक्टरों से सलाह लेकर इलाज किया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के साथ सभी स्टॉफ की उपस्थिति बायोमैट्रिक द्वारा दर्ज होगी। इस दौरान डीएम के साथ सीएमओ आलोक वर्मा, डॉ. रोली एस चंद्रा, कमलेश कुमार, प्रियंका पांडेय, रीता भारती, सुरेश आदि मौजूद रहे।