दिसंबर तक तैयार हो जाएगा जंक्शन का लाइन शाह बाबा एफओबी
जंक्शन पर दो घंटे का लिया गया ब्लॉक, प्लेटफार्म नंबर दस पर बंद रही ट्रेनों की आवाजाही
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद जंक्शन पर लाइन शाह बाबा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के चौड़ीकरण का काम दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। रेलवे द्वारा यह काम पूरा करने का लक्ष्य पांच दिसंबर 2017 निर्धारित किया गया है। एफओबी का काम करने के लिए शनिवार को दो घंटे का ब्लॉक भी लिया गया। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर दस पर आने वाली ट्रेनों की आवाजाही ठप रही।
अर्द्धकुंभ मेले के पूर्व रेलवे को इलाहाबाद जंक्शन के लाइन शाह बाबा मजार वाले ब्रिज का चौड़ीकरण करना है। चौड़ीकरण के साथ ही यहां दिव्यांगों के लिए चार नए रैंप भी बनाने हैं। ये रैंप प्लेटफार्म नंबर सात/आठ, नौ/दस, सिटी साइड और सिविल लाइंस साडड में बनने हैं। चारों रैंप बनने के बाद इलाहाबाद जंक्शन से सभी दस प्लेटफार्म की कनेक्टिविटी इससे हो जाएगी। दरअसल इलाहाबाद जंक्शन पर लाइन शाह बाबा एफओबी पर यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए इसे चौड़ा करने की तैयारी की गई। इसके तहत पुराने एफओबी के समानांतर एक नई लेने बनाई जा रही है। नई लेन के लिए पिछले दिनों से शिफ्ट वाइज ब्लॉक भी लिया जा रहा है। दो रोज पहले आठ घंटे का ब्लॉक लिया गया तो रविवार को दिन में 12.50 बजे से अपराह्न 2.50 बजे तक दो घंटे का ब्लॉक लेकर गार्डर लगाने का काम इलाहाबाद जंक्शन पर हुआ। इस दौरान डीआरएम एसके पंकज, एडीआरएम एके द्विवेदी, सीनियर डीओएम अंशु चौधरी आदि अफसर मौजूद रहे। गार्डर लगाने के लिए एक 330 टन की क्षमता वाली हैवी क्रेन भी आज बुलाई गई। ओवर ऑल इस पूरे कार्य की कुल लागत 8.80 करोड़ रुपये हैं। नये एफओबी की चौड़ाई 12 मीटर रहेगी।
वर्जन
‘गार्डर लगाने के लिए दो घंटे का ब्लॉक लिया गया। इस दौरान ट्रेनों के संचालन पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ा।’
0 अमित मालवीय, पीआरओ, एनसीआर।