3500 गमलों का भुगतान रोका
0 आजाद पार्क में बारिश तक होगी पौधों की देखरेख
प्रयागराज। कुंभ से पहले शहर के विभिन्न चौराहों पर हरियाली के लिए रखे गए गमलों में लगे पौधों के सूखने को कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने गंभीरता से लिए है। इस मद में भुगतान रोकते हुए सभी गमलों को चंद्रशेखर आजाद पार्क में रखवाने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश तक गमलों में लगे पौधों की देखरेख होगी। फिर उन्हें निर्धारित चौराहों-स्थलों पर रखा जाएगा।
उद्यान विभाग के जिम्मे रहा हरियाली का काम कई ठेकेदारों ने किया। पौधों को लगाने और उनकी देखरेख का जिम्मा भी उन्हें दिया गया। मेला समाप्ति के बाद ठंड गुम हुई तो पौधे सूखने लगे। जांच के दौरान शिकायतें सही पाने पर कमिश्नर डॉ. आशीष गोयल ने इस मद में किए गए कार्यों का भुगतान रोकने का निर्देश दिया। साथ ही डिवाइडरों समेत कई स्थानों पर रोपे गए पौधों की गणना कराने का भी आदेश दिया। जांच के लिए पीडीए उपाध्यक्ष के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी।
मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि सभी गमलों को आजाद पार्क में रखवाने का निर्देश दिया गया है। वहां पौधों की देखरेख की जाएगी। जो पौधे सूख गए हैं, उन्हें बदला जाएगा। बारिश तक देखरेख के बाद गमलों को यथास्थान रखवाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के बाद ही भुगतान के लिए धनराशि अवमुक्त की जाएगी। इस मद में 3.20 करोड़ के सापेक्ष 1.20 करोड़ की बचत की जा चुकी है।