आरआरबी ग्रुप डी परीक्षा का दो नवंबर तक का कार्यक्रम जारी
0 सोमवार को 70 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी ग्रुप डी की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से आयोजित ग्रुप डी की भर्ती परीक्षा का दो नवंबर तक का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके पूर्व परीक्षा का 22 अक्तूबर तक का ही कार्यक्रम जारी किया गया था। लेकिन अब आरआरबी ने दो नवंबर तक ली जाने वाली परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया है।
आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एसएएम नकवी के मुताबिक 22 के बाद ग्रुप डी की परीक्षा 23, 24, 25, 26, 29, 30, 31 अक्तूबर एवं एक और दो नवंबर को होगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को ग्रुप डी की परीक्षा इलाहाबाद, कानपुर, झांसी, ग्वालियर, मथुरा, आगरा, रुड़की, देहरादून, हरिद्वार एवं मुरादाबाद के 41 परीक्षा केंद्रों में हुई। इन केंद्रों में 37360 अभ्यर्थियों को शामिल होने के लिए बुलाया गया था लेकिन 26164 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने के लिए पहुंचे। ऑवरऑल अभ्यर्थियों की कुल उपस्थिति 70.03 फीसदी रही। परीक्षा सभी केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।