कीडगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक को 1.75 लाख रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है। ब्रांच मैनेजर पल्लवी गुप्ता ने इस मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। यह एफआईआर कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
मैनेजर की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि रमाशंकर शर्मा निवासी नैनी चकभटाई का एक खाता पीएनबी नैनी और दूसरा खाता इंडियन बैंक में है। आरोप है कि खाते में पर्याप्त रकम न होने के बाद भी रमाशंकर ने पिछले साल 26 अप्रैल को अपने इंडियन बैंक के खाते से संबंधित एक चेक (1.75 लाख रुपये) काटकर भुगतान के लिए पीएनबी में जमा कर दिया। मानवीय भूल के चलते बैंक के चेक क्लियरिंग हाउस, लखनऊ ने चेक में दी गई राशि जारी कर दी।
इस मामले की जानकारी होते ही चेक कैंसिल कर पीएनबी नैनी को सूचित किया गया। लेकिन तब पता चल कि उपरोक्त व्यक्ति ने एक दिन पहले ही खाते से रकम निकाल ली है। इस पर बैंक ने अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस जारी कर आरोपी को उपरोक्त रकम मय ब्याज जमा करने को कहा गया। लेकिन न तो नोटिस का कोई जवाब दिया और न ही रकम वापस की।
मामले की शिकायत कीडगंज थाने में किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बैंक की ओर से कोर्ट में गुहार लगाई गई। कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।