जवां के अलीगढ़-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर 4 जून शाम चार बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बताया कि नरेश (30) निवासी सिद्धगढ़ी थाना छतारी जिला बुलंदशहर 4 जून शाम अलीगढ़ से अपने गांव जा रहा था।
सुमेरा झााल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे। युवक की शादी सात वर्ष पूर्व पिंकी के साथ हुई थी। मृतक अपने पीछे बेटी मानवी, बेटे माधव और पत्नी को रोते बिलखते छोड़ गया है।
चारा ला रहे युवक को वाहन ने रौंदा, मौत
खैर के अलीगढ़-पलवल हाईवे पर गांव सुजानपुर के गेट पर 4 जून सुबह साढ़े सात बजे अज्ञात वाहन ने चारा लेकर आ रहे गांव निवासी कुमरसेन (48) को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल कुमरसेन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अज्ञात वाहन टक्कर मार कर वहां से तेजी से निकल गया। टक्कर की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और घटना की सूचना पुलिस एवं परिजनों को दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर कुमार सेन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि कुमार सेन पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। दो बहन हैं। एक कुमारसेन से बड़ी और दूसरी सबसे छोटी है। उनकी मौत से परिजनों का रोना बिलखना शुरू हो गया। खैर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।