रक्षाबंधन पर राखी बांधने जा रही महिला के साथ ठगी की वारदात हो गई। ई-रिक्शा में बैठी युवतियों ने बातों में लगाकर महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया और बाइक पर बैठकर फरार हो गईं।
पीड़ित गायत्री देवी पत्नी गिरीश कुमार निवासी बांधौर डिबाई बुलंदशहर शुक्रवार की शाम को करीब चार बजे गांव हैवतपुर में अपने भाई भूपेंद्र लोधी को राखी बांधने जा रही थी। महिला गायत्री देवी ने बताया कि वह बहरावद की पुलिया से ई-रिक्शा में बैठी थी। उसमें पहले से ही दो युवतियां बैठी हुई थीं। आरोप है कि दोनों युवतियों ने रास्ते में बातों में उलझाकर धोखे से उनके गले से मंगलसूत्र उतार लिया। गायत्री देवी जब तक कुछ समझ पातीं तब तक दोनों युवतियों ने बहरावद गेट के पास अचानक रिक्शा रुकवाया और पीछे से आ रही बाइक पर बैठकर चली गईं। उनके जाने के बाद महिला को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए। भूपेंद्र लोधी का कहना है कि अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। वहीं, कोतवाल राजीव कुमार का कहना है कि ऐसी घटना उनके संज्ञान में नहीं आई है।
बाक्स
युवतियों के गैंग में युवक भी हैं शामिल
जिला पंचायत सदस्य डॉ.पुष्पेंद्र लोधी का कहना है कि युवक-युवतियों का गैंग महिलाओं को ऑटो या रिक्शा में बैठकर ठगी का शिकार बनाता है। रास्ते में युवकों से बाइक पर लिफ्ट मांगकर उन्हें छेड़खानी के आरोप में फंसाने की धमकी देकर वारदातें की जा रही हैं। पुलिस को चाहिए कि वह तत्काल ऐसे गैंग का पर्दाफाश करे।