चालक की नौकरी कर सऊदी अरब में रुपये कमाने की आस लेकर पहुंचा इगलास का युवक अरब के दम्माम में फंस गया है। दिल्ली की जिस एजेंसी ने उसे दम्माम भेजा था, उसने दम्माम के एक शेख को युवक को बेच दिया। वह शेख युवक की बेरहमी से पिटाई करते हुए लगातार प्रताड़ित कर रहा है। वापस आने के लिए उसे पासपोर्ट भी नहीं दिया जा रहा। रोते हुए युवक ने पत्नी को जानकारी दी तो उसके होश उड़ गई। सास, ससुर के साथ इगलास कोतवाली पहुंची पत्नी ने तहरीर देकर पति की मदद की गुहार लगाई है।
ब्यौंही निवासी आजाद खां की पत्नी गजाला ने बताया कि अलीगढ़ निवासी एक रिश्तेदार के जरिए दिल्ली की अलजियावह इंटरनेशनल एजेंसी के माध्यम से उसके पति सऊदी अरब के दम्माम में चालक की नौकरी के लिए गए थे। 15 अक्तूबर को दम्माम के एक शेख के यहां वह नौकरी करने पहुंचे। उन्हें शेख को हाथों बेच दिया गया। पहले महीने तो शेख ने पगार दी लेकिन अब रुपये नहीं दे रहा।
गजाला के अनुसार आजाद ने फोन पर बताया कि उसके साथ जानवरों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। ड्राइवर के साथ घर के सारे काम कराए जा रहे हैं। काम से मना करने पर मारपीट की जा रही है। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
खाने को भी ठीक से नहीं दे रहे। गजाला ने बताया कि एजेंसी में दो माह से वह बात कर रही हैं, लेकिन वह भी संतोष जनक जवाब नहीं दे रहे।
आजाद खां दिल्ली से सऊदी अरब के लिए गए हैं, इसलिए मामले की एफआईआर दिल्ली में होगी। यदि उच्चाधिकारियों का कोई निर्देश मिलता है, तो उस हिसाब से कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- विनोद कुमार मिश्रा, एसएसआई, इगलास