गांव रकराना में पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर आरोपी ने लोहे की पाइप से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक लहूलुहान हो गया।
पूनम देवी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे उसका पति जुगेंद्र घर पर सो रहा था। इसी दौरान पड़ोस की शशि देवी ने उनके घर पहुंचकर बताया कि उसके बेटे राकेश का पत्नी कुसुम से विवाद हो रहा है। उसने जुगेंद्र से बीच-बचाव के लिए साथ चलने को कहा। पूनम और जुगेंद्र उसके घर पहुंचे तो राकेश पत्नी से मारपीट कर रहा था। जुगेंद्र ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो राकेश ने गाली-गलौज करते हुए पास पड़ी लोहे की पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया। घायल जुगेंद्र को सीएचसी चंडौस ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी रेखा गोस्वामी ने बताया है कि आरोपी को पाइप सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।