तुर्की के इस्तांबुल में आयोजित एक्सपोर्ट गेटवे टू अफ्रीका में भाग लेकर शहर के युवा उद्यमी लौट आए हैं। वहां से बिजनेस की संभावना के साथ ही अच्छे अनुभव लेकर लौटे हैं। मार्च 2020 के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तुर्की के इस्तांबुल में एक्सपोर्ट गेटवे टू अफ्रीका नाम से फेयर का आयोजन किया गया था। इसमें अलीगढ़ के निर्यातक शक्ति इंटरप्राइजेज के गौरव मित्तल, शैलजा इंटरनेशनल के प्रतीक जिंदल एवं कियान इंटरनेशनल के अभिनव बत्रा ताला एवं हार्डवेयर उत्पाद (एक जिला एक उत्पाद) लेकर शामिल हुए थे। 2 से 4 दिसंबर के बीच फेयर का आयोजन किया गया था।
अलीगढ़ एवं देश के अन्य उत्पादों के स्टाल पर तुर्की, कीनिया, घाना, यूके और दुबई के खरीदार आए थे। निर्यातक गौरव मित्तल ने बताया कि इंडियन पवेलियन में 31 स्टाल थे। अलीगढ़ के ताला, हार्डवेयर के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश आदि प्रांतों के निर्यातक भी फूड प्रोडक्ट, परफ्यूम, हर्टी कल्चर मशीन और गारमेंट्स आदि प्रोडक्ट लेकर गए थे। उन्होंने बताया कि फेयर में बहुत अच्छा रिस्पांस मिला है। भविष्य में उसका फायदा मिलने की उम्मीद है। बहुत कुछ सीखने और समझने को भी मिला है। उन्होंने कहा कि तुर्की ग्रीन देश में शामिल है। वहां ओमिक्रॉन वैरिएंट का केस नहीं मिला है। वहां से स्वदेश आने के पहले आरटीपीसीआर जांच हुई थी। यहां एयरपोर्ट पर आरटीपीसीआर नहीं हुई। यूरोप आदि से आने वाले लोगों की यहां भी आरटीपीसीआर जांच हो रही है।