महानगर के दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय के सामने बृहस्पतिवार तड़के बाइक सवार बसपा नेता की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।
दुर्घटना के वक्त वह रोजाना की तरह बाइक पर सवार होकर योगा करने के बाद दीनदयाल अस्पताल से घर लौट रहे थे। एक्सीडेंट के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। खबर पर भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन पुलिस ने शव मौके से हटवाया। इस खबर पर परिवार में कोहराम मच गया।
क्वार्सी थाना क्षेत्र के शंकर विहार कालोनी निवासी 36 वर्षीय भूपेंद्र सिंह बसपा नेता थे। परिवार में पत्नी पिंकी और बेटी शिवानी व गरिमा है। वह पूर्व में पार्टी के सेक्टर कोआर्डिनेटर भी रह चुके थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे वह रोजाना की तरह बाइक से दीनदयाल अस्पताल में योग करने के बाद वापस लौट रहे थे। तभी अस्पताल के गेट पर पीछे से आए रोड़ी के ट्रक की चपेट में आ गए। इस एक्सीडेंट में भूपेंद्र व उनकी बाइक ट्रक के अगले पहिये के नीचे आई और उनकी मौके पर मौत हो गई। यह देख आस पास राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। खबर पर पुलिस पहुंच गई। कुछ देर तक तो शिनाख्त भी नहीं हुई। बाद में किसी राहगीर ने उन्हें पहचाना तो परिवार को खबर दी। इस सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। खबर मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस पर बसपा जिलाध्यक्ष अरविंद आदित्य, मंडल कोआर्डिनेटर मुकेश चन्द्रा, जोन कोआर्डिनेटर दारा सिंह आजाद, कोल विधान सभा प्रत्याशी रामकुमार शर्मा, छर्रा विधानसभा प्रत्याशी मो. सगीर आदि पहुंच गए। एसओ क्वार्सी के अनुसार ट्रक के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रक कब्जे में ले लिया गया है।