धनीपुर स्थित लघु सिंचाई विभाग के दफ्तर में कार्यरत एक संविदा कर्मी की पत्नी से अभद्र व्यवहार और छेड़खानी करने का मामला तूल पकड़ गया है। इस प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। थाना प्रभारी महुआखेड़ा संजीव चौहान ने बताया कि इस मामले में लघु सिंचाई विभाग के एकसईएन अशोक कुमार और सहायक बाबू नवीन कुमार के खिलाफ छेड़खानी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है, तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
लघु सिंचाई विभाग के एक्सईएन अशोक कुमार ने बताया कि उनके दफ्तर में हजरतगंज लखनऊ की एस्टीम एजेंसी की ओर से आउटसोर्स कर्मी रखे गए थे। इन्हीं में से एक कर्मी का कामकाज ठीक नहीं था। इसकी शिकायत संबंधित एजेंसी से की गई थी। इसी बात से चिढ़कर उसने अपनी पत्नी को आगे कर अनर्गल आरोप लगाए हैं। यह आरोप मनगढंत हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पूर्व में महुआखेड़ा थाने में दो बार जांच हो चुकी है। मामले की विभागीय जांच शामली के एक्सईएन से कराई गई है। जिसमें आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें परेशान किया जा रहा था। उनके पक्ष से महिला को कई बार फोन किया जाता रहा है। देर रात में भी फोन कर परेशान किया गया है। पुलिस इस मामले में जांच कर सख्त कार्रवाई करे।