नगला पटवारी में महिला सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते एसपी सिटी।
- फोटो : अमर उजाला
नारी सुरक्षा एवं जागरूकता सप्ताह के तहत क्वार्सी थाना क्षेत्र में नगला पटवारी स्थित आरएस बैंक्यूट हॉल में एक कार्यशाला व नुक्कड़ नाटक आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं को नारी सशक्तीकरण एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
एसएसपी राजेश पांडेय ने महिलाओं से अपील की कि वह किसी भी तरह के उत्पीड़न को सहें नहीं बल्कि इसके खिलाफ आवाज उठाएं।
एसएसपी ने कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को बताया कि यह देखने में आता है कि बच्चियों के साथ उनके नजदीकी रिश्तेदार एवं कभी-कभी पारिवारिक सदस्यों द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है।
ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज कर छुपाएं नहीं, बल्कि निडरता से बताएं एवं दोषियों को कानून के द्वारा दंडित कराएं। कानून में उन्हें बहुत शक्ति प्रदान की गई है।
उन्होंने कई कानूनों का जिक्र करते हुए विस्तार से यह भी बताया कि इसके तहत दोषियों को कितनी-कितनी सजा दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में आज महिला थाना, महिला सेल, एंटी रोमियो दस्ता, प्रदेश स्तर पर हेल्पलाइन 1090 और यूपी 100 डायल की व्यवस्था है।
इस मौके पर एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, सीओ सिटी तृतीय संजीव दीक्षित, क्वार्सी थाना प्रभारी के अलावा करीब भारी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। इधर, स्पोर्ट्स स्टेडियम ने प्रशासन व महिला पुलिस के साथ मैच भी खेला।