वार्ड नंबर 17 पक्की सराय में करीब दो हजार लोग जल संकट का सामना कर रहे हैं। पुराने शहर का यह इलाका मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में शामिल है। यहां सुबह शाम महिलाओं को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।
क्षेत्र की महिलाओं ने बताया कि वार्ड में पानी समस्या करीब दो महीने से पैदा हुई है। कई जगहों पर प्रेशर कम होने की वजह से पानी नहीं पहुंचता है। तो कई जगहों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है। जिससे हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। पानी की समस्या के चलते लोग रोजमर्रा के कामों के लिए परेशान रहते हैं। कुछ लोग पानी खरीदकर पी रहे हैं। जो नहीं खरीद सकते वह आसपास लगे सबमर्सिबल या हैंडपंपों के भरोसे हैं। महिलाओं को सुबह पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। वार्ड के सरकारी हैंडपंप भी खराब हैं। कुछ हैंडपंप रीबोर होने हैं। लगभग 35 हजार की आबादी वाले क्षेत्र में दो हजार लोग पानी की समस्या से प्रभावित हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का हल नहीं हुआ है।
यह है स्थिति
- वार्ड 17- पक्की सराय
- वार्ड की आबादी 35 हजार।
- मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र।
- जलस्तर 150 से 200 फुट।
- वार्ड में कुल 70 हैंडपंप, जिनमें 20 खराब हैं।
- वार्ड में दो सरकारी ट्यूबवेल, एक में पानी कम की शिकायत।
- क्षेत्र का टीडीएस 600 से 800 है। पीने लायक पानी का टीडीएस 150 तक होना चाहिए।
इलाके में पानी की कोई समस्या नहीं है। साफ पानी की आपूर्ति हो रही है। अगर किसी को कोई समस्या है तो हमें बताए। उसे तत्काल सही कराया जाएगा। हां पिछले कुछ दिनों से पानी की सप्लाई कम हो रही है। इसको लेकर शिकायत की जा चुकी है।
आशू उपाध्याय, वार्ड पार्षद।
इलाके में दो महीने से पानी की समस्या है। हैंडपंप भी खराब हैं। गर्मी में बहुत परेशानी हो रही है। पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है। - कीर्ति गुप्ता
वार्ड में पानी की काफी समस्या है। लोग परेशान हैं। जिनके यहां सबमर्सिबल लगे हैं, वहां से लोग पानी भर रहे हैं। कई बार शिकायत की जा चुकी है।- अजय अग्रवाल
पहले वार्ड में पानी की सप्लाई ठीक होती थी। अभी कुछ समय से सप्लाई का पानी अता पता ही नहीं है। गर्मी में लोग परेशान हैं। शेफाली
पानी की समस्या बहुत गंभीर है। सरकारी हैंडपंप भी खराब हैं। ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई कम हो रही है। -बंटी वर्मा