लोधा क्षेत्र के गांव नादा वाजिदपुर में गरीबी से तंग महिला ने मंगलवार सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। परिजनों के मुताबिक, तीन से घर में खाना नहीं बनने से महिला तनाव में थी।
गांव निवासी 35 वर्षीय राधा देवी के पति सुनील की डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है। तब से घर की जिम्मेदारी राधा देवी खुद संभाल रही थी। घर में बुजुर्ग सास के अलावा तीन बच्चे हैं। पड़ोस में विधवा ननद रहती है। महिला अब तक फैक्टरी में काम करती थी। मगर, किन्हीं कारणों से फैक्टरी की मजदूरी भी छूट गई। बताते हैं कि इसको लेकर महिला तनाव में थी। सास के मुताबिक, तीन दिन से घर में खाना तक नहीं बन पाया था।
इस सबसे तंग आकर राधा ने सुबह घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। जब बच्चों व सास ने उसकी लाश देखी तो शोर मच गया। खबर पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई और तमाम ग्रामीण एकत्रित हो गए। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना पुलिस के अनुसार परिवार बेहद गरीब है, यह बात सही है। मगर अभी मामले में किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। आत्महत्या का कारण भी साफ नहीं है। इधर, ग्रामीणों के स्तर से परिवार की मदद की जा रही है।