गांव दुभिया बंजारा में शनिवार को एक महिला की घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की है।
दुभिया निवासी यशवीर सिंह ने पुलिस को बताया है कि उसकी शादी थाना पालीमुकीमपुर के गांव डडार अलूपुरा निवासी सुनीता के साथ हुई थी। वह मानसिक रूप से बीमार थी। जिसका उपचार जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ से हो रहा था। शनिवार की दोपहर तीन बजे वह बच्चों को स्कूल से लेकर घर पहुंचा तो देखा कि पत्नी सुनीता (28) घर के अंदर मरणासन्न हालत में पड़ी है। उसके पास दवाओं के खाली रेपर पड़े थे। चिकित्सक को बुलाकर परीक्षण कराया तो उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग आ गए। ससुरालीजनों पर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चंद्रवाल ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी। मृतका ने अपने पीछे पति समेत तीन बच्चे आयांशी, पीयूष व प्रियांशी को रोते-बिलखते छोड़ा है।