पत्नी ने किडनी देकर बचाई पति की जान
इगलास क्षेत्र के गांव के रमेश का स्वास्थ्य अचानक खराब रहने लगा। चिकित्सकों ने जांच -पड़ताल की तो पता चला कि किडनी में संक्रमण पैदा हो गया है। हालत गंभीर देख परिजन परेशान हो गए। दोनों किडनी खराब हो गईं। भाई-बहन ने किडनी देने से मना कर दिया। फिर पत्नी सावित्री के रूप में आकर खड़ी हो गई किडनी देकर अपने सुहाग को बचा लिया।
केस-2
घर का कोई सदस्य नहीं था तैयार, पत्नी ने दी किडनी
गभाना के संतोष कुमार की किडनी में संक्रमण फैलने की जानकारी हुई तो वह परेशान हो गए। चिकित्सकों ने किडनी बदलवाने के लिए सुझाव दिया लेकिन समस्या थी कि किडनी काैन दे। पत्नी ने किडनी देने का फैसला लिया। डॉक्टरों से जानकारी लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग में ट्रांसप्लांट के लिए अनुमति मांगी। किडनी ट्रांसप्लांट कर दिया गया। पति अब स्वस्थ हैं।
पति को बचाने के लिए दो साल किया संघर्ष
शहर के रघुवीरपुरी के रामनरेश के किडनी में संक्रमण हो गया था। वह इससे अनजान थे। सामान्य दिनों की तरह से वह सुबह घर से निकल रहे थे, तभी उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। किडनी की बीमारी की जांच के लिए यूरिन ब्लड टेस्ट, सोनोग्राफी की गई तो पता चला कि उनकी किडनी काफी खराब हो गई है। डायलिसिस भी हुई, लेकिन आराम नहीं मिला। पत्नी एक किडनी पति को देने के लिए तैयार हो गई। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने अनुमति दे दी।
केस-4
पत्नी का लिवर पति को ट्रांसप्लांट
विजयगढ़ के मुकेश (42) का ज्यादा शराब पीने से लिवर खराब होने लगा, लेकिन उन्हें इसका अहसास नहीं था। फिर भी वह शराब पीते रहे। अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उनका अल्ट्रासाउंड हुआ, तब पता चला कि लिवर में काफी संक्रमण बढ़ चुका था। लिवर का इलाज दवाओं से संभव नहीं, बल्कि ट्रांसप्लांट एकमात्र रास्ता है। यह बात डॉक्टर ने परिजनों को बताई। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग में ट्रांसप्लांट की अनुमति के लिए आवेदन किया। पत्नी ने पति को लिवर दान किया।