सोमवार की शाम करीब छह बजे दिल्ली-कानपुर हाईवे पर भुकरावली के पास ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हरदोई जनपद के थाना सुरसा के गांव सिंघुआमऊ निवासी दिनेश कुमार का पुत्र अमित कुमार (25) नोएडा में नौकरी करते हैं और परिवार सहित वहीं रहते हैं। सोमवार को वह गांव से पत्नी सोनी को साथ लेकर बाइक से नोएडा जा रहे थे। हाईवे पर भुकरावली के पास पहुंचे तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में सोनी (22) की मौके मौत हो गई, जबकि अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डाॅक्टरों ने जेएन मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं हादसा होते ही ट्रक सहित चालक भाग निकला।