ग्राम विचौला के जंगल में स्थित मंदिर में हनुमानजी की मूर्ति को एक व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त कर दिया। यह देखकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने मूर्ति क्षतिग्रस्त करने वाले को पकड़ लिया और पिटाई की। साथ ही हंगामा करते हुए उस पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सोमवार की सुबह करीब 10 बजे गांव के जंगल में स्थित मंदिर में ग्रामीणों ने हनुमानजी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त देखा। मंदिर में एक व्यक्ति बैठा हुआ था, जो देखने में मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था। मूर्ति तोड़ने के बारे में उससे ग्रामीण पूछताछ करने लगे। कोई भी समुचित जवाब न मिलने पर कुछ लोगों ने उक्त व्यक्ति को विधर्मी बताते हुए पिटाई शुरू कर दी।
उधर सूचना पाकर कोतवाल देवेंद्र कुमार और हस्तपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों ने मूर्ति क्षतिग्रस्त करने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिस अधिकारियों ने हनुमानजी की नई मूर्ति मंगवालकर वैदिक मंत्रों के जरिये प्राण प्रतिष्ठा कराकर मंदिर में स्थापित करवाने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीण शांत हुए।
सीओ भंवरे दीक्षा अरुण का कहना है कि ग्रामीणाें की शिकायत पर पकड़े गए व्यक्ति के संबंध में जांच की जा रही है कि वह कहां का रहने वाला है? यहां कैसे पहुंचा? प्रथम दृष्टया वह मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा है। जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति बनी है।